जालंधर-पठानकोट हाईवे पर छोलांग टोल प्लाजा के पास भीषण हादसा, कार ने खड़े पिकअप को मारी टक्कर; 3 की मौत

कपूरथला: जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर छोलांग टोल प्लाजा के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसा तेज रफ्तार कार के सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन से टकराने के बाद हुआ। 

हादसे में KMS कॉलेज दसूहा की प्रिंसिपल डॉ. शबनम सैनी, उनके 18 वर्षीय बेटे तुशांत और पिकअप चालक राहुल उर्फ मिट्टू की मौत हो गई। पिकअप का क्लीनर विलियम गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है। 

प्रारंभिक जांच के अनुसार पिकअप वाहन टोल प्लाजा के पास खड़ा था और उसकी पार्किंग लाइटें बंद थीं। रात में कम दृश्यता के कारण तेज रफ्तार कार चालक को खड़ा वाहन दिखाई नहीं दिया और कार सीधे पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप पलट गया और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 

जानकारी के मुताबिक डॉ. शबनम सैनी हाल ही में अपने बेटे के साथ अमेरिका से लौटी थीं। दोनों जालंधर में अपनी बेटी से मिलने के बाद वापस दसूहा लौट रहे थे। इसी दौरान छोलांग टोल प्लाजा के पास हादसा हो गया। 

टोल प्लाजा कर्मचारियों ने दुर्घटना की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच शुरू कर दी है। 

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *