नांदेड में सुखबीर बादल पर हमला, हाथ में लगी चोट; सुरक्षा कर्मी ने हमलावर को दबोचा

नांदेड: शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड में गुरुद्वारे के पास हमला हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावर ने धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की, जिसमें सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी। 

घटना के दौरान सुखबीर बादल की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर हमलावर को काबू कर लिया। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 

हमले के बाद सुखबीर बादल को नांदेड के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उनकी हालत स्थिर और खतरे से बाहरबताई जा रही है। हमले की वजह और आरोपी के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है। 

यह घटना तख्त श्री हजूर साहिब परिसर में माता साहिब गुरुद्वारा के पास हुई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था और हमले की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। 

घटना के बाद पंजाब में भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सुखबीर बादल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं, खासकर इस तथ्य के मद्देनजर कि हमला उनकी सुरक्षा टीम की मौजूदगी में हुआ।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *