चंडीगढ़ (नवल किशोर): पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज पंजाब लोक भवन में संकल्प द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा चयनित प्रतिभागी अभिनंदन समारोह को संबोधित किया। यह कार्यक्रम मेधावी विद्यार्थियों में प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने युवाओं से ईमानदारी के साथ उत्कृष्टता प्राप्त करने, शिक्षा, चरित्र निर्माण एवं लोकसेवा के प्रति समर्पित रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति चाहे किसी भी क्षेत्र में कार्यरत हो, प्रत्येक ईमानदार प्रयास राष्ट्र को सशक्त बनाता है और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने सिविल सेवा अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन में संकल्प आईएएस के योगदान की सराहना की। उन्होंने संस्था को आईएएस, आईपीएस एवं अन्य सिविल सेवाओं के सफल अधिकारियों को तैयार करने वाले देश के अग्रणी संस्थानों में से एक बताते हुए इसके प्रबंधन, मार्गदर्शकों, दानदाताओं एवं विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में निभाई जा रही भूमिका की प्रशंसा की।
चंडीगढ़ की शैक्षिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए श्री कटारिया ने कहा कि शहर के सरकारी विद्यालय निरंतर सराहनीय शैक्षणिक परिणाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा के परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) 2.0 में चंडीगढ़ देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में प्रथम स्थान पर रहा है तथा ‘उत्तम-3’ ग्रेड प्राप्त करने वाला देश का एकमात्र राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बना है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी एवं समर्पण के साथ उत्कृष्टता प्राप्त करने का आह्वान करते हुए कहा कि कोई भी कार्य छोटा नहीं होता और प्रत्येक ईमानदार प्रयास राष्ट्र के विकास में योगदान देता है।

राज्यपाल ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, चरित्र निर्माण एवं लोकसेवा के प्रति समर्पित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नशामुक्त, सशक्त एवं जागरूक युवा शक्ति आवश्यक है। पंजाब में आई बाढ़ के दौरान लोगों द्वारा प्रदर्शित निस्वार्थ सेवा भावना को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि समाज सेवा पंजाब की स्थायी परंपरा रही है।
राज्यसभा सांसद श्री अविनाश राय खन्ना ने नशा मुक्ति अभियान के प्रति राज्यपाल के सतत प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक पद समाज की समर्पित एवं ईमानदार सेवा का दायित्व है। उन्होंने एजुकेशन एंड सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (ESR) की अवधारणा पर बल देते हुए जरूरतमंदों के लिए जीवनरक्षक चिकित्सा उपकरणों के दान सहित मानवीय पहलों का समर्थन करने का आह्वान किया।

भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल श्री सत्य पाल जैन ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन प्रदान करने में संकल्प आईएएस की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी एवं निष्ठा सर्वोपरि है तथा निस्वार्थ भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन ही सच्ची लोकसेवा है।

संकल्प आईएएस, चंडीगढ़ के अध्यक्ष श्री चरणजीत राय ने बताया कि राज्यपाल की प्रेरणा से संकल्प ने ट्रांसजेंडर युवाओं की पहचान कर उन्हें सिविल सेवा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन और प्रशिक्षण प्रदान करने की नई पहल शुरू की है। इस पहल के माध्यम से शैक्षणिक सहयोग, मेंटरशिप एवं करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे समावेशी शिक्षा और समान अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, पंजाब के राज्यपाल के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विवेक प्रताप सिंह, आईएएस, भजन गायक श्री कन्हैया मित्तल तथा संकल्प आईएएस, चंडीगढ़ से जुड़े अनेक आईएएस एवं पीसीएस अधिकारी भी उपस्थित थे।
