पंजाब के मोहाली में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस की आरोपियों के साथ मुठभेड़ हो गई। यह कार्रवाई उस घटना के अगले दिन हुई, जब नशा तस्करों ने CIA पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। ताजा मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के एक औद्योगिक क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी घायल हो गए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
इससे पहले सामने आई CCTV फुटेज में शनिवार को हुई घटना के दौरान नशा तस्करों द्वारा पुलिस टीम पर हमला और फायरिंग की तस्वीरें कैद हुई थीं। उस हमले में एक कांस्टेबल को गोली लगी थी, जबकि दूसरे पुलिसकर्मी पर तलवार से हमला किया गया था। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
पंजाब पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और नशा तस्करी के गिरोह को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।
