पंजाब के मानसा की जिला अदालत में दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान दर्ज किए गए। हालांकि सभी बुलाए गए गवाह अदालत में पेश नहीं हो सके, जिसके चलते शेष गवाहों की गवाही अगली तारीख पर दर्ज की जाएगी। मामले की सुनवाई अब साक्ष्य (Evidence) के चरण में चल रही है।
सुनवाई के दौरान सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी अदालत पहुंचे। उनके वकील ने बताया कि अदालत में गवाहों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और अभियोजन पक्ष क्रमवार अपने साक्ष्य पेश कर रहा है। मामले में पहले ही गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई समेत 27 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए जा चुके हैं।
अदालत ने शेष गवाहों की गवाही के लिए अगली सुनवाई की तारीख तय की है। अभियोजन पक्ष का कहना है कि सभी महत्वपूर्ण गवाहों के बयान पूरे होने के बाद मामले की सुनवाई अगले चरण में आगे बढ़ेगी।
सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को मानसा जिले के जवाहरके गांव के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच के बाद कई आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और फिलहाल अदालत में साक्ष्य दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
