हिसार में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी फंदे पर लटक गया। सोमवार सुबह बच्चे सोकर उठे तो उन्होंने दोनों के शव देख परिवार के अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में भिजवा दिए।
बताया गया है कि व्यक्ति के एक अन्य महिला के साथ प्रेम संबंध थे। वह महिला व्यक्ति पर पैसे देने का दबाव बना रही थी। रात को पति-पत्नी के बीच उसी महिला को लेकर झगड़ा हुआ। परिवार का कहना है कि पत्नी को मारने के बाद उसने वीडियो भी बनाया था।
पुलिस ने महिला के पति और उसकी लिव इन पार्टनर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दर्शना का गला चुन्नी से घोंटा हुआ था।

पत्नी दर्शना की मौत के बाद बलजीत भी फंदे पर लटक गया।

सिविल अस्पताल में मौजूद मृतकों के परिजन।
पति-पत्नी के बीच रात को झगड़ा हुआ
मृतकों की पहचान मय्यड़ गांव निवासी दर्शना (38) और उसके पति बलजीत (40) के रूप में हुई है। बलजीत डीजे का काम करता था। पुलिस और परिजनों के अनुसार रविवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में बलजीत ने चुन्नी से दर्शना का गला घोंट दिया।
पत्नी की मौत के बाद उसने उसी कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय दंपती के दोनों बेटे मोहित (16) और अंशु (14) दादी के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे। सोमवार सुबह जब बच्चे कमरे में पहुंचे तो माता-पिता को मृत अवस्था में देखकर उन्होंने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया।
5 साल से महिला के संपर्क में था
परिजनों के मुताबिक, बलजीत पिछले पांच साल से हांसी के प्रेम नगर में लक्ष्मी उर्फ पूजा के साथ रह रहा था। आरोप है कि पूजा बलजीत पर पैसे देने का दबाव बना रही थी। 15 दिन पहले एक पंचायत भी हुई थी। उसमें फैसला हुआ था कि बलजीत 20 जुलाई को पूजा को 70 हजार रुपए देगा।
मौत के बाद भी पूजा के फोन आए
परिवार के मुताबिक, सुबह बलजीत की मौत के बाद भी पूजा के फोन आते रहे। जब उसे कहा कि बलजीत ने फांसी लगा ली है तो सामने से पूजा ने कहा कि पैसे न देने पड़े इसलिए ये झूठ बोल रहे हैं। परिवार का कहना है कि पूजा के इसी दबाव के कारण बलजीत परेशान था।

बलजीत और दर्शना के शव सिविल अस्पताल में रखवाए गए।
थाना प्रभारी बोले- घरेलू विवाद लग रहा
सदर थाना प्रभारी विरेंद्र ने बताया कि मृतका के भाई भादरा निवासी रतनलाल के बयान पर जीजा बलजीत पर हत्या व बलजीत की लिव इन पार्टनर महिला पर षड्यंत्र में शामिल हाेने का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
