नई दिल्ली(राजीव शर्मा):आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भगवान राम के नाम पर वोट मांगने वाले देश के गृहमंत्री अमित शाह को लेकर बड़ा सनसनीखेज खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हुए 891 दिन हो गए हैं। इन 891 दिनों में गृहमंत्री अमित शाह श्री राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने नहीं गए। क्यों? इन ढाई सालों में अमित शाह ने 42 से ज्यादा बार अपने भाषणों और इंटरव्यू में भगवान राम और मंदिर का ज़िक्र किया, जिसमे कई बार राम और मंदिर के नाम पर वोट मांगा, लेकिन दर्शन करने नहीं गए। इनके लिए राम केवल सत्ता हासिल करने और पैसे कमाने का ज़रिया है। इनकी राम में कोई आस्था नहीं है।
अरविंद केजरीवाल ने देशवासियों की तरफ से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से 5 सवाल पूछा कि आप अभी तक राम मंदिर क्यों नहीं गए? क्या भगवान राम के दर्शन करने का आपका मन नहीं करता? क्या राम मंदिर जाने का आपका मन नहीं करता? क्या आपको भगवान राम का आशीर्वाद नहीं चाहिए? क्या आप राम को भगवान मानते हो? उन्होंने कहा कि पूरे देश में सिर्फ आम आदमी पार्टी ही सनातन धर्म के लिए सच्चे भाव से काम कर रही है। पंजाब में ‘‘आप’’ की सरकार हर शहर में भजन संध्या और मुफ्त तीर्थ यात्रा करा रही है। अमृतसर में लव-कुश और माता जानकी का भव्य मंदिर बनाया जाएगा।
बुधवार को “आप” मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन 22 जून 2024 को हुआ था। तब से लेकर आज तक ढाई साल हो गए हैं। अगर सटीक तौर पर देखें तो 891 दिन हो गए हैं। इन ढाई साल में, यानी श्री राम मंदिर बनने के बाद से, देश के नंबर दो गृह मंत्री अमित शाह एक बार भी राम मंदिर में श्री राम के चरणों में अपना माथा टेकने नहीं गए हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले जब कुछ लोगों ने मुझे यह बताया तो मुझे यकीन नहीं हुआ कि सबसे ज्यादा भगवान राम के नाम का दुरुपयोग करने वाले लोग मंदिर बनने के बाद दर्शन करने ही नहीं गए। मैंने नेट, चैट जीपीटी, परप्लेक्सिटी और यूपी के कई पत्रकारों से फोन करके चेक किया। सब जगह से यही जानकारी मिली कि अमित शाह के राम मंदिर जाने का कोई रिकॉर्ड नहीं है। अगर वह गए होते तो उनकी टाइमलाइन पर कहीं कोई तस्वीर जरूर होती। इन 891 दिनों में अमित शाह ने 42 से ज्यादा बार अपने भाषणों और इंटरव्यू में राम मंदिर का जिक्र किया है और अधिकतर बार भगवान राम और राम मंदिर के नाम पर वोट मांगे हैं। उनके पास भगवान राम के नाम पर वोट मांगने का समय है, लेकिन भगवान राम के चरणों में आशीर्वाद लेने जाने का समय नहीं है।
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि आज मैं देश की जनता की तरफ से अमित शाह से पांच अहम प्रश्न पूछ रहा हूं। पहला, आप राम मंदिर क्यों नहीं गए? क्या आपका भगवान राम के दर्शन करने का मन नहीं करता? क्या आपका राम मंदिर जाने का मन नहीं करता? क्या आपको भगवान राम के आशीर्वाद की जरूरत है और पांचवां और सबसे अहम प्रश्न कि क्या आप रामचंद्र जी को भगवान मानते हैं?
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये लोग भगवान रामचंद्र जी को भगवान मानते ही नहीं हैं। अगर भगवान मानते, तो कभी चढ़ावे और भगवान के सामने दिए गए दान की चोरी नहीं करते। इनको अंदर से डर लगता कि भगवान सर्वव्यापी हैं, वे हमारी चोरी देख रहे हैं और हमें महापाप लगेगा। हमारी भविष्य और आने वाली जिंदगियां खराब हो जाएंगी। लेकिन इन्हें कोई डर नहीं है। ये खुलेआम चोरी कर रहे हैं। इन्होंने दशकों से केवल सत्ता में आने के लिए भगवान राम के नाम का इस्तेमाल किया है। भगवान राम ने इन्हें क्या नहीं दिया? भगवान राम ने इनकी 21 राज्यों और केंद्र में सरकार बना दी। अमित शाह कम से कम भगवान का धन्यवाद करने राम मंदिर चले जाते, 101 रुपए का ही प्रसाद चढ़ा आते, लेकिन वे वहां नहीं गए, क्योंकि उन्हें भगवान राम के आशीर्वाद की जरूरत ही नहीं है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज हर सनातनी इस चंदा चोरी से पीड़ित और दुखी है। जो चोरी सामने आई है वह तो बस छोटी-सी झलक है, अभी तो बहुत कुछ निकलना बाकी है। जब लोगों को पता चलेगा कि अमित शाह देश भर में घूम-घूम कर राम के नाम पर वोट तो मांगते हैं लेकिन दर्शन करने नहीं जाते, तो सोचिए हर सनातनी के दिल पर क्या गुजरेगी? इन्होंने सनातन को केवल सत्ता और पैसे के लिए इस्तेमाल किया है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज केवल आम आदमी पार्टी है, जो सनातन के लिए सच्ची भावना से काम कर रही है। पंजाब के हर शहर में भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों लोग आ रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि हमने आज तक सनातन के लिए इस तरह का काम करने वाला नहीं देखा। हमारी सरकार लोगों को खाटू श्याम जी, हरिद्वार, ऋषिकेश, मथुरा, वृंदावन जैसे तीर्थ स्थानों के दर्शन फ्री में करा रही है। जब हमारी दिल्ली में सरकार थी, तब हम लोगों को अयोध्या जी सहित अन्य कई तीर्थ स्थानों के दर्शन फ्री में कराते थे।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पंजाब के पटियाला में काली माई के मंदिर का पुनरुद्धार किया जा रहा है और लव-कुश का भव्य मंदिर बनाया जाएगा। सनातन के आदर्शों के हिसाब से बहुत बड़े स्तर पर गरीबों के लिए अच्छे स्कूल और अस्पताल व मोहल्ला क्लीनिक बनाए जा रहे हैं। लोगों का पैसा जोड़-जोड़ कर उन्हें अच्छी बिजली, सड़कें और भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया जा रहा है। आज अगर देश में सच्ची सनातनी पार्टी कोई है, तो वह आम आदमी पार्टी है। मैं अमित शाह से निवेदन करूंगा कि आज के बाद एक बार कृपया भगवान राम के दर्शन करने अयोध्या जरूर जाएं।
