महम विधायक बलराम दांगी को 5 करोड़ की रंगदारी की धमकी, गैंगस्टर नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

हरियाणा(बलविंदर सिंह):हरियाणा के रोहतक जिले के महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में गैंगस्टर नेटवर्क की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। 

जानकारी के अनुसार, हाल ही में विधायक के कार्यालय पर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के संपर्क में था और उसी के इशारे पर वारदात को अंजाम दिया गया था। 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रंगदारी की धमकी और फायरिंग की घटना के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच की जा रही है। कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्य और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लिंक खंगाले जा रहे हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि धमकी सीधे गैंगस्टरों की ओर से दी गई या उनके किसी सहयोगी के माध्यम से। 

घटना के बाद विधायक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इस बीच विपक्ष ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल भी उठाए हैं। 

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *