प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से मुलाकात की

नई दिल्ली(राजीव शर्मा): प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से मुलाकात की। श्री मोदी ने समकालीन वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में इस समूह के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला।

प्रधानमंत्री ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य में प्रमुख सुरक्षा मुद्दों पर सहयोग को और गहरा करने में ब्रिक्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आतंकवाद, साइबर सुरक्षा और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित साझा चुनौतियों से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच अधिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।

श्री मोदी ने रेखांकित किया कि भारत की ब्रिक्स की अध्यक्षता सदस्य देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने पर केंद्रित होगी। उन्होंने वैश्विक दक्षिण की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि भारत एक अधिक सुरक्षित, संरक्षित और समावेशी विश्व के निर्माण में योगदान देगा।

श्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया:

ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से मिलकर प्रसन्नता हुई।

बदलते वैश्विक परिदृश्य में, सुरक्षा सहयोग को और सुदृढ़ करने तथा आतंकवाद, साइबर सुरक्षा से लेकर उभरती प्रौद्योगिकियों तक, साझा चुनौतियों का समाधान करने में ब्रिक्स की महत्वपूर्ण भूमिका है।

भारत की अध्यक्षता व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने, वैश्विक दक्षिण की प्राथमिकताओं का समर्थन करने तथा अधिक सुरक्षित, संरक्षित और समावेशी विश्व के निर्माण में योगदान देने का प्रयास करेगी।

By Rajeev Sharma

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *