नई दिल्ली(राजीव शर्मा):कार्यालय प्रधान नियंत्रक संचार लेखा (Pr. CCA), दिल्ली, दूरसंचार विभाग, भारत सरकार द्वारा दिल्ली एनसीआर में निवास कर रहे तथा दिल्ली दूरसंचार परिमंडल से संबंधित पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों की शिकायतों के निवारण हेतु पेंशन अदालत का आयोजन किया जा रहा है।
यह पेंशन अदालत दूरसंचार विभाग, बीएसएनएल तथा दिल्ली परिमंडल की एमटीएनएल इकाइयों के उन पेंशनरों के लिए आयोजित की जा रही है जिनके पेंशन संबंधी मामलों जैसे पीपीओ जारी करना, सेवा पुस्तिकाओं का रखरखाव, पेंशन संवितरण एवं अन्य पेंशन संबंधी कार्यों का निस्तारण कार्यालय प्रधान नियंत्रक संचार लेखा, दिल्ली द्वारा किया जाता है।
पेंशन अदालत का विवरण
दिनांक: 23 जून 2026
समय: प्रातः 11:00 बजे
स्थान: निवेदिता श्रीवास्तव कन्वर्जेंस हॉल , संचार लेखा भवन,
कार्यालय प्रधान नियंत्रक संचार लेखा, दिल्ली,
प्रसाद नगर, नई दिल्ली – 110005
पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनर पेंशन निपटान एवं पेंशन संवितरण से संबंधित अपनी ऐसी शिकायतों के समाधान हेतु इस पेंशन अदालत में भाग ले सकते हैं, जो 01 जनवरी 2026 तक छह माह से अधिक पुरानी हों।
पंजीकरण संबंधी विवरण
पेंशनर निम्न माध्यमों से अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं:
ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि: 10 जून 2026
ईमेल: cca.dl-dot[at]nic[dot]in
टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर: 1800118119
पता: संचार लेखा भवन, प्रसाद नगर, नई दिल्ली – 110005
शिकायत दर्ज करते समय आवश्यक विवरण
पेंशनरों से अनुरोध है कि शिकायत दर्ज करते समय निम्नलिखित विवरण अवश्य उपलब्ध कराएं:
पेंशनर / पारिवारिक पेंशनर का नाम
पीपीओ संख्या
सेवानिवृत्ति के समय अंतिम इकाई का नाम
सेवानिवृत्ति की तिथि / मृत्यु की तिथि
शिकायत का विस्तृत विवरण
संपर्क नंबर
प्रधान नियंत्रक संचार लेखा, दिल्ली का कार्यालय सभी पेंशनरों को समयबद्ध एवं प्रभावी पेंशन सेवाएं प्रदान करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।
नोट: न्यायालय में लंबित मामलों से संबंधित शिकायतों पर पेंशन अदालत में विचार नहीं किया जाएगा। केवल पंजीकृत शिकायतों पर ही विचार किया जाएगा।
