पंजाब (गुरप्रीत सिंह):पटियाला जिला प्रशासन ने शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क के विस्तार की गति बढ़ा दी है ताकि घरेलू उपयोग में साफ-सुथरे ईंधन का विस्तार हो और LPG सिलेंडरों पर निर्भरता घटे। उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने टोरेंट गैस की पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन के काम की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समन्वय तेज करने और लंबित अड़चनों को तुरंत सुलझाने के निर्देश दिए।
कंपनी ने बताया कि करीब 30,000 घरों तक पाइपलाइन पहुंच चुकी है; इनमें से लगभग 21,000 ने कनेक्शन के लिए आवेदन किया है और करीब 15,000 घरों को कनेक्ट कर दिया गया है। नियमित रूप से PNG इस्तेमाल करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 12,500 बताई गई। शहर में अब तक करीब 400 किलोमीटर पाइपलाइन डाली जा चुकी है और 100 से अधिक वाणिज्यिक प्रतिष्ठान भी प्रणाली से जुड़ चुके हैं। परियोजना के अगले चरण में नाभा में विस्तार का काम भी शुरू हो गया है।
रिव्यू में विभिन्न नागरिक व उपयोगिताओं के विभागों के बीच समन्वय-संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि अनुमोदन प्रक्रियाएँ तेज हों और विभाग आपस में तालमेल बढ़ाएँ ताकि सड़क खोदने व पाइपलाइन बिछाने में अनावश्यक देरी और दोबारा खुदाई जैसी समस्याएँ न हों। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी लापरवाही से जनता को असुविधा पहुँचे तो जिम्मेदार एजेंसी पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में लोक निर्माण, नेशनल हाईवे अथॉरिटी, सीवरेज बोर्ड, सिंचाई विभाग व नगर निगम समेत कई एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे और उन्होंने आगे की कार्ययोजना पर विचार किया। प्रशासन का मानना है कि PNG का व्यापक इस्तेमाल आने वाले वर्षों में सुरक्षित, सस्ता और सुविधाजनक विकल्प प्रदान करेगा तथा एलपीजी पर निर्भरता घटेगी।
