59वीं राज्य स्तरीय स्कूली कबड्डी प्रतियोगिता का चरखी दादरी में शानदार शुभारंभ

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षा और खेल जीवन में बहुत जरूरी हैं। खेलों से हम स्वस्थ रह सकते हैं। हमारी सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए कारगर नीति लागू कर रही है। परिणाम स्वरूप हरियाणा प्रदेश व भारत देश के खिलाड़ी ओलम्पिक जैसी विश्व स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में देश व प्रदेश का नाम विश्व में रोशन कर रहे हैं। उन्होंने युवा-खिलाडिय़ों से खान-पान पर विशेष ध्यान रखने का आह्वान भी किया।

शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा शनिवार को चरखी दादरी में कैप्टन जिले सिंह स्कूल परिसर में 59वीं तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्कूली कबड्डी खेल कूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करने उपरांत बोल रहे थे। इस दौरान मंत्री श्री महीपाल ढांडा व विधायक श्री सुनील सतपाल सांगवान ने प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया और उनका उत्साहवर्धन किया। तीन दिवसीय खेल स्पर्धा में प्रदेश के सभी जिलों से 14, 17 एवं 19 आयु वर्ग की कबड्डी टीमें हिस्सा ले रही हैं।

खिलाड़ियों का पसीना ही उन्हें ओलंपिक तक ले जाएगा : महीपाल ढांडा

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि मैदान में निष्ठा और खेल भावना के साथ पसीना बहा रहे यही युवा खिलाड़ी एक दिन ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगा लहराएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ जैसी राष्ट्रीय पहलों और हरियाणा सरकार की ‘खेल नीति’ ने जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को निखारने का काम किया है। केंद्र और राज्य सरकार की खेल प्रोत्साहन नीतियों, नगद पुरस्कारों और सरकारी नौकरियों में आरक्षण की व्यवस्था से आज प्रदेश के युवाओं को बेहतरीन अवसर मिल रहे हैं।

खेलों को बढ़ावा व प्रोत्साहन देने के लिए प्रदेश सरकार बड़े-बड़े स्टेडियम बनाने के साथ-साथ गांव में योग एवं व्यायामशालाएं खोल रही है। इसके साथ-साथ सरकार द्वारा खेल एसोसिएशन व फेडरेशन बनाई गई हैं, जो समय-समय पर खेल प्रतियोगिताएं करवाती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे खेलों को अपने जीवन में धारण करें। उन्होंने कहा कि अब हमारी बेटियां भी शिक्षा के साथ-साथ खेल जगत में लड़कों से आगे निकल रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में हमारे खिलाड़ियों का बड़ा योगदान होगा। उन्होंने कहा कि आज का भारत केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए भी विश्व में अपनी पहचान बना रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति लगातार मजबूत कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी सोच के अनुरूप हम विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ा रहे हैं।

दादरी खेल और संस्कारों की भूमि: विधायक सुनील सतपाल सांगवान

खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर विशिष्ठ अतिथि के तौर पर पहुंचे विधायक श्री सुनील सतपाल सांगवान ने कहा चरखी दादरी की पावन धरती हमेशा से वीरों, किसानों और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की जननी रही है। खेलों व जवानों की बदौलत हमें जाना जाता है। समय-समय पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में जिला के खिलाड़ी पदक हासिल करते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल ढांचा और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *