पीएम आवास योजना के तहत 364 मकानों का करवाया निर्माण

चंडीगढ़(बलविंदरसिंह): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिस एसडीओ ने गांव बकाली में खेत के रास्ते के बीच में खंभे और ट्रांसफार्मर लगाए, उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। इस मामले की एसडीएम लाडवा जांच करेंगे। इसके साथ ही पुलिस को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को धमकी देने वालों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। इतना ही नहीं आम नागरिकों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का विकास हो और हर नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा के शिवाला रामकुंडी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में आमजन के बीच पहुंचकर सीधा संवाद कर रहे थे। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नागरिकों को कहा कि सभी नागरिक शिकायत पत्र पर अपना मोबाइल नंबर जरुर लिखें, ताकि विभाग उनसे संपर्क कर सके। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान 338 शिकायतों को सुना।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का यह मंच हमारे क्षेत्र के सतत विकास, जनकल्याण और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प का प्रतीक है। लाडवा विधानसभा क्षेत्र में बीते समय के दौरान जो विकास कार्य हुए हैं, वे यह सिद्ध करते हैं कि सरकार की नीति और नियत दोनों जनहित के लिए समर्पित हैं। सरकार का उद्देश्य सिर्फ एक है, इस क्षेत्र का विकास और यहां के हर नागरिक का उत्थान करना । उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को कहा कि कोई भी नागरिक जब शिकायत लेकर आता है तो उनकी सुनवाई कर शिकायत का निदान करें। उस शिकायत को लेकर किसी भी नागरिक को दोबारा से चक्कर ना लगाना पड़े।

मुख्यमंत्री के समक्ष शिकायतकर्ता ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने कई वर्ष पहले बकाली में करीब 7 एकड़ जमीन ली थी। इसकी मलकियत में ही रास्ता भी तय था लेकिन कुछ लोगों ने एसडीओ से मिलकर उनके खेत के रास्ते में बिजली का ट्रांसफार्मर व खंभे लगवा दिए। अब उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने शिकायत पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनौरा जाटान निवासी जसबीर सिंह की शिकायत पर सुनवाई करते हुए कहा कि स्कूल की फिजिबल्टी चैक करने के उपरांत 12वीं तक का किया जाएगा। इसी तरह नरेश पाल की शिकायत पर मार्केटिंग बोर्ड को निर्देश दिए कि बरसात का सीजन शुरू होने से पहले खिडक़ी विरान से रुडक़ी गांव के बीच का रास्ता तैयार किया जाए, ताकि इस रास्ते से होकर जाने वाले लगभग 6 गांवों के नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो और पीडब्ल्यूडी विभाग को गांव कनीपला की सडक़ का निर्माण बरसात के सीजन से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए जल्द से जल्द ऑनलाइन नाम ठीक करने की प्रक्रिया को पूरा करने के उपरांत आरटीई के तहत बच्चे का प्राइवेट स्कूल में दाखिला करवाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कालीरानो निवासी बलविंद्र सिंह के खेत में ट्रांसफार्मर को बदलने का कार्य तत्काल पूरा किया जाए। इसके साथ ही मुनियार पुर निवासी भगत सिंह के चोरी हुए ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए।

16.20 करोड़ रुपए की लागत से किया जा रहा है एसडीएम कार्यालय का निर्माण

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के 65 गांवों में 11 करोड़ 51 लाख रुपये की लागत से पीने के पानी की पाइप लाइन बिछाने का काम किया गया है। लाडवा शहर में सहारनपुर-कुरुक्षेत्र सडक़ को चार-मार्गी करने का काम 10 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से किया गया है। इसी तरह एसडीएम कार्यालय का निर्माण 16 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका लाडवा को सीएम अनाउंसमेंट से विभिन्न विकास कार्यों के लिए 16 करोड़ 37 लाख रुपए की राशि दी गई है। इसमें से 7 करोड़ 52 लाख रुपए की राशि खर्च की जा चुकी है। शेष राशि के विकास कार्य जारी हैं। इसी तरह दिव्य नगर योजना में 2 करोड़ 46 लाख रुपए की राशि से विकास कार्य किए गए हैं।

पीएम आवास योजना के तहत 364 मकानों का करवाया निर्माण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 364 मकानों का निर्माण किया गया है और 249 मकान निर्माणाधीन हैं। हर घर गृहिणी योजना में 9 हजार 240 परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। आयुष्मान चिरायु योजना में 1 लाख 59 हजार लोग पात्र पाए गए हैं, इनमें से 1 लाख 20 हजार लोगों के चिरायु कार्ड बन चुके हैं। नागरिकों की सुविधा के लिए राक्षी नदी पर तीन स्थानों पर पक्के पुलों का निर्माण किया जा रहा है। इनकी लागत 1 करोड़ 35 लाख 72 हजार रुपये है। इसी नदी पर 2,200 फीट लंबी आर.सी.सी. ट्रैक परियोजना 3 करोड़ 12 लाख 25 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत की गई है। इन परियोजनाओं से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि सिंचाई व्यवस्था बेहतर होने से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय बढ़ेगी।

74 सीएम अनाउंसमेंट में से 38 का काम हो चुका पूरा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने लाडवा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, सामाजिक समरसता, सिंचाई, स्वास्थ्य, पशुपालन, खेल, पर्यावरण संरक्षण और नगरीय सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि लाडवा हलके के विकास के लिए 74 सीएम अनाउंसमेंट हुई , जिनमें से 38 का काम पूरा हो चुका और बाकी पर काम जारी है। सरकार ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों पर पिछले साढ़े 11 वर्षों में 807 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जबकि कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल में मात्र 310 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। लाडवा शहर में 26 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया व सीवरेज लाइन बिछाई गई।
ये रहे कार्यक्रम में मौजूद

इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया और अंत में भाजपा के जिलाध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी ने मेहमानों का आभार व्यक्त किया।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *