उत्साहपूर्ण जनभागीदारी के साथ चंडीगढ़ में मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

चंडीगढ़,(नवल किशोर):पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक ऐसी पद्धति है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाए रखने में सहायक है।

“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” विषय पर कोलकाता के रेड रोड से आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने योग को मानवता को जोड़ने वाली शक्ति बताते हुए कहा, “योग सबको जोड़ता है, योग सबको साथ लाता है।” उन्होंने कहा कि योग जीवन के प्रत्येक चरण में व्यक्ति को स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बनाए रखने में सहायक है।

इस अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए प्रशासक पर श्री कटारिया ने कहा कि योग का नियमित अभ्यास लोगों को अधिक स्वस्थ और प्रसन्न जीवन जीने में मदद करता है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन अपनी “योग 365” पहल के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक योग को पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है, ताकि योग केवल एक दिन का आयोजन न रहकर वर्षभर की जीवनशैली बन सके।

प्रशासक ने समेकित अस्पतालों, मोबाइल चिकित्सा इकाइयों तथा विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के लिए संचालित वेलनेस कार्यक्रमों के माध्यम से आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के प्रशासन के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर श्री कटारिया ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चंडीगढ़ के युवा योगासन खिलाड़ियों अनुष्का शर्मा, अभय मिश्रा और देव को सम्मानित किया। उन्होंने शहर में योग के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले 14 संगठनों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया। प्रशासक ने आयुष विभाग, योग प्रशिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों तथा शैक्षणिक संस्थानों के प्रयासों की सराहना करते हुए नागरिकों, विशेषकर युवाओं, से योग को जीवनशैली के रूप में अपनाने और स्वस्थ, सक्षम तथा समृद्ध चंडीगढ़ के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उनके साथ महापौर श्री सौरभ जोशी, वित्त सचिव श्री दिप्रवा लकड़ा, नगर निगम आयुक्त श्री अमित कुमार, खेल सचिव सुश्री प्रेरणा पुरी, सचिव (आतिथ्य) श्री स्वप्निल एम. नाइक, उपायुक्त श्री निशांत कुमार यादव सहित चंडीगढ़ प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *