अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के राजनीतिक पार्टी के रूप में रजिस्ट्रेशन का मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और दाखा से विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने कहा है कि रजिस्ट्रेशन में हो रही देरी को लेकर पार्टी सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। इसके साथ ही चुनाव आयोग के अधिकारियों से भी मुलाकात की जाएगी। अयाली ने आरोप लगाया कि केंद्र और पंजाब सरकार पार्टी की बढ़ती राजनीतिक गतिविधियों से डर रही हैं और जानबूझकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया में अड़चनें पैदा कर रही हैं।
अयाली के अनुसार, पार्टी ने 22 जनवरी 2025 को चुनाव आयोग के पास रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन दिया था, लेकिन अब तक इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उनका कहना है कि पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने 27 अप्रैल 2026 को संगठन के पक्ष में सत्यापन रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेज दी थी। इसके बावजूद रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी।
इससे पहले 12 नवंबर को अयाली ने पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग के नाम ज्ञापन सौंपकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की थी। ज्ञापन में सार्वजनिक नोटिस जारी करने, संगठन के खिलाफ मिली आपत्ति की प्रति उपलब्ध कराने और अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त समय देने की मांग की गई थी।
दरअसल, चुनाव आयोग ने दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल हलफनामे में कहा था कि संगठन के रजिस्ट्रेशन पर विचार के दौरान 9 जुलाई 2026 को कुछ गंभीर और संवेदनशील इनपुट मिले थे। इनमें संगठन की कथित अलगाववादी पृष्ठभूमि और उससे जुड़े कुछ लोगों के राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत हिरासत में रहने का उल्लेख किया गया था। आयोग ने कहा कि इन सूचनाओं के बाद पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को व्यापक पृष्ठभूमि जांच कर विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। यह रिपोर्ट अभी लंबित है।
चुनाव आयोग ने अदालत को यह भी बताया कि रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी किए बिना संगठन से जुड़ी आपत्तियों की जांच करना जरूरी है। आयोग के अनुसार, रिपोर्ट मिलने और संतोषजनक पाए जाने के बाद जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 29A के तहत आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई 11 जनवरी 2027 के लिए तय की है। पार्टी ने पहले अदालत में याचिका दाखिल कर चुनाव आयोग को रजिस्ट्रेशन आवेदन पर समयबद्ध फैसला लेने का निर्देश देने की मांग की थी।
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक आने के कारण रजिस्ट्रेशन का मुद्दा पार्टी के लिए अहम हो गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि रजिस्ट्रेशन और चुनाव चिह्न को लेकर अनिश्चितता से चुनावी तैयारियां प्रभावित हो रही हैं। हालांकि, रजिस्ट्रेशन मिलने से भी किसी पार्टी को अपने आप आरक्षित चुनाव चिह्न मिलने की गारंटी नहीं होती।
