महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर राज्य सरकार गंभीर : आरती सिंह राव

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर पूरी तरह से सज़ग और गंभीर है। उन्होंने बताया कि “स्वच्छता, सम्मान और सशक्तिकरण” के उद्देश्य से महिला एवं किशोरी सम्मान योजना के तहत “मेनस्ट्रुअल हाइजीन मिशन” को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की बीपीएल श्रेणी की महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ निःशुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

आरती सिंह राव ने जानकारी दी कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों को सरल प्रक्रिया के तहत निर्धारित पोर्टल पर 20 मई, 2026 तक आवेदन करना होगा। इसके अतिरिक्त, लाभार्थी अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र से भी योजना की जानकारी और सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें गरिमापूर्ण जीवन प्रदान करना है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का लक्ष्य रखा गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने सभी पात्र महिलाओं और किशोरियों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास सुनिश्चित किए जाएं।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *