रेवाड़ी को मिलेगी बड़ी स्वास्थ्य सौगात, 300 बिस्तरों का नागरिक अस्पताल बनेगा : आरती सिंह राव

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचा को दिन प्रतिदिन मजबूत किया जा रहा है , इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सिविल अस्पताल रेवाड़ी के परिसर में 300 बिस्तर का नागरिक अस्पताल बनाने की स्वीकृति दे दी है, इसके भवन के निर्माण पर लगभग 34828.77 लाख रुपए की लागत आने का अनुमान है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रेवाड़ी और आसपास के जिलों में द्वितीयक और तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं के बढ़ते दबाव को देखते हुए वर्तमान सिविल अस्पताल के बुनियादी ढांचे को एक आधुनिक, व्यापक और उच्च-क्षमता वाले अस्पताल परिसर में अपग्रेड करने की आवश्यकता थी। इसी उद्देश्य से प्रस्तावित 300 बिस्तरों वाले इस नए अस्पताल ब्लॉक को 2 बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर तथा ऊपर 6 मंजिल भवन फ्रेम्ड आरसीसी संरचना के रूप में तैयार किया जाएगा। यह नया भवन भारतीय जन स्वास्थ्य मानकों (IPHS) के अनुरूप होगा, जिसमें अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक, क्लिनिकल, क्रिटिकल केयर और सर्जिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री ने भिवानी जिला के बवानी खेड़ा में 50 बिस्तरीय सिविल हॉस्पिटल बनाने की स्वीकृति दे दी है जिस पर 5519.04 लाख रुपए की लागत आएगी। क्योंकि बवानी खेड़ा में पहले से चले आ रहे अस्पताल के भवन की हालत खस्ता हो गई थी, ऐसे में वर्तमान जरूरतों को देखते हुए अधिक बिस्तर वाले आधुनिक अस्पताल के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी , अब उस घोषणा को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।

आरती सिंह राव ने आगे जानकारी दी कि कुरुक्षेत्र में लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में सिविल सर्जन के कार्यालय के निर्माण हेतु भी मुख्यमंत्री ने 2630.57 लाख रुपए की स्वीकृति दे दी है।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *