चंडीगढ़(नवल किशोर): सभी राशन कार्ड धारकों को सूचित किया जाता है कि भारत सरकार अब राशन सब्सिडी की राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजने के बजाय मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से प्रदान करेगी। इस उद्देश्य से लाभार्थियों की सहायता हेतु 03.06.2026 से प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
ये शिविर विकास नगर (मौली जागरां), मलोया, सेक्टर 25, रामलीला ग्राउंड बुड़ैल, खजेरी, हल्लो माजरा, मिल्क कॉलोनी धनास, डड्डू माजरा, राम दरबार, बुटरेला, बापू धाम, सेक्टर 30, 40, 56 और मनी माजरा (RIMT स्कूल के पास) के सामुदायिक केंद्रों में आयोजित किए जा रहे हैं।
जिन लाभार्थियों ने मोबाइल पर राशन सब्सिडी प्राप्त करने के लिए अपनी जानकारी पहले ही जमा करवा दी है, लेकिन अभी तक अपने मोबाइल फोन में एप्लिकेशन डाउनलोड नहीं की है, उनसे अनुरोध है कि वे अपने आधार कार्ड तथा आधार से जुड़े मोबाइल फोन के साथ शिविर में आकर प्रक्रिया पूरी करें।
जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपनी जानकारी जमा नहीं करवाई है, वे भी शिविर में अपने आधार कार्ड तथा आधार से जुड़े मोबाइल फोन के साथ आकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें।
चंडीगढ़ में 40,000 से अधिक राशन कार्ड धारक पहले ही एप्लिकेशन डाउनलोड कर चुके हैं। लेकिन अभी भी, लगभग 25,000 लाभार्थियों, विशेषकर मलोया, मौली जागरां, मनीमाजरा, सेक्टर 25, बुरैल, सेक्टर 55, सेक्टर 56, हल्लोमाजरा तथा पलसोरा क्षेत्रों के लाभार्थियों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है।
सभी राशन कार्ड धारकों को सूचित किया जाता है कि राशन सब्सिडी प्राप्त करने के लिए मोबाइल एप्लिकेशन को डाउनलोड एवं सक्रिय करना आवश्यक है। जो लाभार्थी यह प्रक्रिया पूरी नहीं करेंगे, उन्हें राशन सब्सिडी की राशि मिलनी बंद हो सकती है। इसलिए सभी शेष लाभार्थियों से अनुरोध है कि वे यथाशीघ्र शिविर में आकर यह प्रक्रिया पूरी करें।
जिन लाभार्थियों ने अपनी जानकारी पहले ही जमा करवा दी है, वे Google Play Store अथवा Apple App Store से PNB Digital Rupee एप्लिकेशन डाउनलोड कर घर बैठे भी अपना पंजीकरण पूरा कर सकते हैं।
किसी भी जानकारी, सहायता या मार्गदर्शन के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग चंडीगढ़ के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2068 पर संपर्क कर सकते हैं।
