केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाया जा रहा जन जागरूकता अभियान

चंडीगढ(बलविंदर सिंह): केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश के 12 वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण के कार्यों को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश को नई दिशा और नई पहचान प्रदान की है। उनके नेतृत्व में भारत आर्थिक रूप से सशक्त हुआ है तथा देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को भी नई मजबूती मिली है।

केंद्रीय राज्य मंत्री शनिवार को पलवल शहर स्थित क्लॉक टावर के निकट स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करने उपरांत बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर श्रमदान किया तथा आमजन से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इसके पश्चात केंद्रीय राज्य मंत्री ने अग्रवाल धर्मशाला के समक्ष एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री ने नागरिकों को मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट भी वितरित की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति देशवासियों और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के प्रति प्रदेशवासियों का विश्वास निरंतर बढ़ा है और विश्व स्तर पर भी भारत की प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सर्वेक्षणों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में स्थान प्राप्त हुआ है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

श्री गुर्जर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और रक्षा जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। देशभर में एक्सप्रेस-वे और राष्ट्रीय राजमार्गों का व्यापक विस्तार हुआ है। एयरपोर्ट और मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा एमबीबीएस सीटों में भी बड़ा इजाफा किया गया है। उन्होंने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण और विद्युतीकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, जिसके परिणामस्वरूप ईंधन की खपत में कमी आई है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के संतुलित एवं समग्र विकास को प्राथमिकता दी है। जनहित को ध्यान में रखते हुए कर व्यवस्था में भी सुधार किए गए हैं। नई कर व्यवस्था के अंतर्गत 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर आयकर में राहत प्रदान की गई है, जिससे मध्यम वर्ग को बड़ी सुविधा मिली है।

उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की सबसे तेजी से विकसित होती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है, सीमाएं सुरक्षित हैं और भारत वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है तथा सभी को स्वच्छता, विकास और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देना चाहिए।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *