गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को लेकर मोहाली प्रशासन का आदेश, 2 और 3 दिसंबर को मीट-अंडे की दुकानें और बूचड़खाने रहेंगे बंद

PU campus

मोहाली (गुरप्रीत सिंह): श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा को देखते हुए मोहाली प्रशासन ने 2 और 3 दिसंबर, 2026 को मीट और अंडे की दुकानों, रेहड़ी-फड़ी तथा बूचड़खानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

साहिबजादा अजीत सिंह नगर के जिला मजिस्ट्रेट की ओर से 27 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, यह फैसला धार्मिक आयोजन के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है। आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत जारी किया गया है। यह धारा उपद्रव या संभावित खतरे से जुड़े तत्काल मामलों में प्रशासन को आवश्यक प्रतिबंध लगाने का अधिकार देती है।

आदेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित अवधि के दौरान मीट और अंडे की दुकानें, रेहड़ी-फड़ी तथा बूचड़खाने बंद रहें। प्रशासन ने इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और संबंधित विभागों को निगरानी तथा कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी है।

जिला मजिस्ट्रेट ने मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधिकारियों, नगर निकायों और अन्य संबंधित अधिकारियों को आदेशों का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा उपमंडल मजिस्ट्रेटों और अन्य नामित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश लागू करवाने की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रशासन के अनुसार, इन प्रतिबंधों का उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों और शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना तथा किसी भी तरह की बाधा या अप्रिय स्थिति से बचाव करना है।

यह आदेश 27 नवंबर, 2026 को जारी किया गया और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों तथा अधिकारियों को भेज दिया गया है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *