हरियाणा के कैथल जिले के गांव ग्योंग में दिवाली पर हुई आतिशबाजी का असर पशुओं पर भी देखने को मिला। गांव में पटाखों के तेज धमाकों के बाद सात गर्भवती भैंसों का गर्भपात होने का मामला सामने आया है। पशुपालकों का कहना है कि पटाखों की तेज आवाज से भैंसें घबरा गईं, जिसके बाद उनकी समय से पहले डिलीवरी हो गई। इस दौरान पैदा हुए कटड़े और कटड़ियों की मौत हो गई। प्रभावित भैंसें दो से आठ महीने तक गर्भवती थीं।
पशुपालकों के अनुसार, दिवाली की रात गांव में देर तक पटाखे और आतिशबाजी की गई। बड़े पटाखों के धमाकों से आसपास का माहौल काफी शोरगुल वाला हो गया था। इसका असर पशुओं पर पड़ा। अचानक तेज आवाज सुनकर भैंसें घबरा गईं और बेचैनी में आ गईं। इसके बाद सात भैंसों की समय से पहले डिलीवरी हो गई। पशुपालकों को उम्मीद थी कि उनके पशुओं से स्वस्थ बच्चे पैदा होंगे, लेकिन समय से पहले प्रसव होने के कारण कटड़े-कटड़ियों को बचाया नहीं जा सका।
गांव के पशुपालकों का कहना है कि भैंसों के गर्भपात से उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। एक पशु को पालने और उसकी देखभाल पर लंबे समय तक खर्च करना पड़ता है। गर्भावस्था के दौरान पशुओं को विशेष आहार और देखभाल की जरूरत होती है। ऐसे में समय से पहले डिलीवरी और नवजात पशुओं की मौत से पशुपालकों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पशुपालकों ने प्रशासन से मांग की है कि बड़े और तेज आवाज वाले पटाखों पर सख्ती से रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि आतिशबाजी के दौरान केवल इंसानों ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों को भी परेशानी होती है। गांवों में पशु घरों और बाड़ों में बंधे रहते हैं। तेज धमाकों के कारण वे डर जाते हैं और कई बार खुद को चोट भी पहुंचा सकते हैं।
पशुपालकों ने अपील की है कि त्योहार मनाते समय पशुओं और दूसरे बेजुबान जीवों का भी ध्यान रखा जाए। खासकर पशु बाड़ों और गौशालाओं के आसपास पटाखे नहीं चलाने चाहिए। उनका कहना है कि दिवाली खुशियों का त्योहार है, इसलिए इसे इस तरह मनाया जाना चाहिए कि किसी को नुकसान न पहुंचे।
