चंडीगढ़ में शराब लाइसेंस धारकों की बैठक, आबकारी नीति के पालन और सोशल मीडिया उल्लंघनों पर कड़ी चेतावनी

चंडीगढ़ (नवल किशोर):चंडीगढ़ के सभी शराब लाइसेंसधारकों की एक बैठक आज उपायुक्त-सह-आबकारी आयुक्त, चंडीगढ़, श्री निशांत कुमार यादव, आईएएस की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आबकारी नीति के अनुपालन की समीक्षा करना तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हाल ही में सामने आए उल्लंघनों पर चर्चा करना था।

बैठक के दौरान उपायुक्त-सह-आबकारी आयुक्त ने सोशल मीडिया एप्लिकेशन पर प्रसारित एक रील का गंभीर संज्ञान लिया, जिसमें एक शराब विक्रेता ब्रांड प्रमोशन के नाम पर मुफ्त में शराब परोसता पाया गया। अध्यक्ष ने बताया कि उक्त मामले में आरोपी के खिलाफ एफआईआर पहले ही दर्ज की जा चुकी है तथा कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

श्री निशांत कुमार यादव ने स्पष्ट रूप से कहा कि आबकारी नीति के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी लाइसेंसधारकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा गया कि आबकारी विभाग किसी भी उल्लंघनकर्ता का लाइसेंस रद्द करने में हिचकिचाएगा नहीं तथा ऐसे दोषियों को भविष्य की अलॉटमेंट/लाइसेंसिंग प्रक्रियाओं में भाग लेने से ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।

अध्यक्ष ने सभी लाइसेंसधारकों को शराब के निर्धारित न्यूनतम विक्रय मूल्य का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए। अधिसूचित मूल्य संरचना से किसी भी प्रकार का विचलन आबकारी नीति के संबंधित प्रावधानों के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई को आमंत्रित करेगा।

बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि प्रभावी निगरानी एवं अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आबकारी विभाग द्वारा रियल-टाइम स्टॉक अपडेटेशन System शुरू किया गया है। सभी लाइसेंसधारकों को निर्धारित प्लेटफॉर्म पर अपने शराब स्टॉक का समय पर एवं सही अपडेट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के समापन पर श्री निशांत कुमार यादव ने सभी लाइसेंसधारकों के बीच स्वस्थ एवं निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। हालांकि, आबकारी नीति के प्रावधानों से किसी भी प्रकार का विचलन अथवा जनहित एवं नियामकीय अनुशासन के प्रतिकूल गतिविधियों से प्रशासन सख्ती और दृढ़ता से निपटेगा।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *