करनाल। हरियाणा के करनाल में सब्जी मंडी के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते सागर, मलकीत और उनके तीन अन्य साथियों पर दो युवकों के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने का आरोप है। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और पांच लोगों को काबू कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना में उनकी भूमिका और हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर निशानदेही के लिए लेकर पहुंची। इसी दौरान वाहन खराब होने के कारण उन्हें पैदल बाजार से ले जाना पड़ा। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी।
