हेरिटेज एंड सिटी वॉक 2026 : हरियाणा की विरासत से जुड़ने का बना सशक्त माध्यम

चंडीगढ़,(बलविंदर सिंह):हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा ‘आओ चलें अपनी विरासत के साथ’ मुहिम के तहत गत 30 मई को राज्य के सात प्रमुख विरासत स्थलों पर हेरिटेज एंड सिटी वॉक 2026 का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवा पीढ़ी और आधुनिक समाज को हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं स्थापत्य विरासत से जोड़ना था।

इस विशेष आयोजन के माध्यम से प्रतिभागियों को उन ऐतिहासिक स्थलों, परंपराओं, स्मारकों और विरासतों को निकट से जानने और समझने का अवसर मिला, जो हरियाणा की पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आयोजित इन वॉक्स के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न स्थलों के इतिहास, महत्व और उनसे जुड़ी रोचक कहानियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

हरियाणा के विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा राई, सोनीपत में एथनिक इंडिया राई से बड़खालसा स्मारक तक आयोजित हेरिटेज वॉक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण एवं संवर्धन आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अपनी संस्कृति और इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हरियाणा पर्यटन निगम के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि निगम द्वारा हेरिटेज एंड सिटी वॉक का आयोजन सूरजकुंड, फरीदाबाद (सूरजकुंड जलाशय से असोला-भाटी वन्यजीव अभयारण्य तक), रेवाड़ी (सैंडपाइपर टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स से बड़ा तालाब तक), पिंजौर, पंचकूला (गुरुद्वारा मंजी साहिब, धारा मंडल पिंजौर, प्राकृतिक बावड़ी, भीमा देवी मंदिर स्थल संग्रहालय एवं यादविंद्रा गार्डन), मोरनी हिल्स (ऐतिहासिक मोरनी किले का विशेष भ्रमण), कुरुक्षेत्र (ज्योतिसर तीर्थ स्थल एवं सरोवर, विराट स्वरूप तथा महाभारत अनुभव केंद्र संग्रहालय) तथा बल्लभगढ़ (राजा नाहर सिंह महल से रानी की छतरी तक) में भी किया गया।

रेवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव ने शिरकत की।

इस आयोजन में विद्यार्थियों, स्थानीय निवासियों, पर्यटकों, विरासत प्रेमियों तथा प्रकृति प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया, स्थानीय परंपराओं को जाना और हरियाणा की सांस्कृतिक धरोहर के प्रति अपनी समझ एवं सराहना को और गहरा किया।

हेरिटेज एंड सिटी वॉक 2026 के माध्यम से हरियाणा पर्यटन ने विरासत संरक्षण, सांस्कृतिक संवर्धन और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया है। यह पहल आधुनिक पीढ़ी और राज्य की अमूल्य विरासत के बीच एक मजबूत संबंध स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हुई।

प्रवक्ता ने इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, स्थानीय प्रशासन, विरासत विशेषज्ञों तथा अन्य हितधारकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह सार्थक पहल सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

उल्लेखनीय है कि निगम द्वारा पहली बार 27 सितंबर 2024 को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर हेरिटेज वॉक का आयोजन किया गया था, जिसे लोगों का उत्साहजनक समर्थन मिला। इसी सफलता को देखते हुए अब दूसरी हैरिटेज एंड सिटी वॉक आयोजित की गई।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *