एशियन गेम्स-2026 में हरियाणा का शानदार प्रदर्शन, 32 पदक विजेता खिलाड़ियों को राज्यपाल ने दी बधाई

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने एशियन गेम्स-2026 में भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन पर सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में देश के लिए कुल 85 पदक अर्जित किए हैं।

राज्यपाल ने एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। राज्य के खिलाड़ियों ने कुल 32 पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है, जिनमें 14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं।

प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का यह शानदार प्रदर्शन खेल के क्षेत्र में देश की बढ़ती शक्ति, प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिचायक है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर लगातार देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

राज्यपाल ने कहा कि देश की खेल उपलब्धियों में हरियाणा निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हरियाणा के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों, सपोर्ट स्टाफ तथा परिजनों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने उन खिलाड़ियों के प्रयासों की भी सराहना की, जो मामूली अंतर से पदक जीतने से चूक गए। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों का धैर्य, प्रतिबद्धता और खेल भावना भी प्रशंसा के योग्य है।

राज्यपाल ने सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी उपलब्धियां देश और प्रदेश की युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करेंगी तथा उन्हें उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *