हरियाणा सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत : आरती सिंह राव

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह):हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री द्वारा नूंह जिला के गांव खोरीकलां तथा महेंद्रगढ़ जिला के गांव खातोदड़ा में दो नए स्वास्थ्य केंद्र खोलने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गांव खोरीकलां में उप-स्वास्थ्य केंद्र (सब हेल्थ सेंटर) तथा गांव खातोदड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्थापित किया जाएगा। इन स्वास्थ्य केंद्रों के शुरू होने से आसपास के गांवों के हजारों लोगों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक को उसके नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों में न जाना पड़े। नए स्वास्थ्य केंद्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, सामान्य रोगों का उपचार, प्राथमिक जांच तथा आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए निरंतर नए अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र और चिकित्सा सुविधाएं विकसित कर रही है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है, जिससे आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने विश्वास जताया कि इन नए स्वास्थ्य केंद्रों के शुरू होने से नूंह और महेंद्रगढ़ जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी तथा लोगों को राहत मिलेगी।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *