कूरियर वैन से लाखों का सामान चोरी, चालक के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस

जीरकपुर(गुरप्रीत सिंह): जीरकपुर से हिमाचल प्रदेश भेजे जा रहे कूरियर सामान में करीब 12 लाख रुपये की कमी मिलने के बाद पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कंपनी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता अजय भारद्वाज के अनुसार, कूरियर वाहन 14 अगस्त को जीरकपुर से सामान लेकर हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हुआ था। वाहन मोगा निवासी राजेश कुमार चला रहा था। कंपनी का आरोप है कि यात्रा के दौरान चालक ने वाहन रोककर उसमें रखे महंगे पार्सल निकाल लिए।

कंपनी को 16 और 17 अगस्त को भी सामान कम होने की जानकारी मिली थी, लेकिन पूरे मामले का पता 21 अगस्त को चला। उस दिन ग्राहकों को पार्सल वितरित किए जा रहे थे, तभी कई पैकेट गायब मिले। इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने वाहन के रास्ते और गतिविधियों से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच करवाई।

जांच के दौरान चालक की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। कंपनी ने पुलिस को बताया कि वाहन की सील भी चालक के कब्जे से मिली है। इसके अलावा, चोरी किए गए सामान को वाहन के पिछले हिस्से के बजाय आगे की ओर छिपाकर रखने की बात सामने आई है।

जीरकपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कूरियर कंपनी के रिकॉर्ड और वाहन से संबंधित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *