हरियाणा के हिसार के सूर्य नगर में डेयरी संचालक जीवन की मंगलवार सुबह लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, जीवन रोज की तरह मोटरसाइकिल पर गोबर की ट्रॉली लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे 10 से अधिक हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल जीवन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश है। उनका कहना है कि करीब डेढ़ महीने पहले पड़ोसी के साथ पशुओं के गोबर और चारे की होद को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट भी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले में हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
