चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर के पेट्रोल पंपों पर ईंधन की राशनिंग की अफवाहों का खंडन किया

चंडीगढ़ (गुरप्रीत सिंह):चंडीगढ़ प्रशासन के संज्ञान में आया है कि शहर के पेट्रोल पंपों पर अस्थायी रूप से ईंधन राशनिंग लागू किए जाने संबंधी भ्रामक एवं फर्जी समाचार प्रसारित किए जा रहे हैं। इन खबरों में स्थानीय आपूर्ति संबंधी बाधाओं का हवाला देते हुए दोपहिया वाहनों के लिए ₹500 तथा चारपहिया वाहनों के लिए ₹1500 तक ईंधन सीमा निर्धारित किए जाने का दावा किया जा रहा है।

इस संबंध में उपायुक्त, चंडीगढ़, श्री निशांत कुमार यादव ने स्पष्ट किया है कि चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा पेट्रोल अथवा डीजल की बिक्री पर किसी प्रकार की कोई सीमा या प्रतिबंध लगाने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि चंडीगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने भी पुष्टि की है कि ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति संचालन बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से जारी है।

नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण या अत्यधिक खरीदारी न करें। शहर के सभी रिटेल फ्यूल आउटलेट्स पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है तथा OMCs द्वारा नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

चंडीगढ़ प्रशासन संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर स्थिति पर लगातार निगरानी रखे हुए है, ताकि शहर में पेट्रोलियम उत्पादों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

सामान्य स्थिति बनाए रखने एवं किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने हेतु नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *