बारां नगर परिषद में ‘आप’ की जीत से केजरीवाल की विचारधारा के देशभर में फैलने का दावा: अनुराग ढांडा

नई दिल्ली(गुरप्रीत सिंह): राजस्थान में हुए नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस के अरमानों पर झाड़ू फेर दिया है। सोमवार को आए नतीजों में राज्य के शिक्षा मंत्री के इलाके में सबसे बड़ी पार्टी बनने पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर कहा कि राजस्थान में भी अब बदलाव की हवा चलने लगी है। शिक्षा मंत्री के इलाके बारां में झाड़ू चल गई है और आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।

अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर राजस्थान के खस्ताहाल सरकारी स्कूलों के वीडियो लगातार वायरल हो रहे थे। लोगों में बहुत गुस्सा है। कांग्रेस और भाजपा ने पूरे राज्य का बेड़ा गर्क कर दिया है। लोग भाजपा और कांग्रेस की जुगलबंदी से तंग आ चुके हैं। अब लोगों के पास ‘‘आप’’ के रूप में एक मजबूत विकल्प है।

उधर, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के गृह क्षेत्र बारां में आम आदमी पार्टी को नगर परिषद में पूर्ण बहुमत हासिल हुआ है। 60 में से 32 सीटों पर झाड़ू की जीत ने साफ़ कर दिया है कि अरविंद केजरीवाल की विचारधारा देश के कोने-कोने तक फैल रही है।
आम आदमी पार्टी का कहना है कि अभी तक घोषित नतीजों के मुताबिक, बारां नगर परिषद चुनाव में 60 में से आम आदमी पार्टी के 32 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। इसी तरह, पिडावा नगर पालिका और झालापाटन नगर पालिका में 5-5 प्रत्याशी जीते हैं, जबकि झालावाड़ नगर परिषद में एक प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *