पंजाब-चंडीगढ़ में एयर रेड सायरन के साथ मॉक ड्रिल: पंजाब में रात 8 बजे, चंडीगढ़ में शाम 7 बजे हुआ ब्लैकआउट अभ्यास; 35 जगहों पर बजे सायरन

पंजाब और चंडीगढ़ में शुक्रवार को नागरिक सुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल आयोजित की गई। पंजाब के सभी जिलों में रात 8 बजे यह अभ्यास किया गया, जबकि चंडीगढ़ में शाम 7 बजे सायरन बजाकर मॉक ड्रिल शुरू हुई। इसका उद्देश्य किसी हवाई हमले या अन्य आपात स्थिति के दौरान प्रशासन, पुलिस, दमकल विभाग और नागरिक सुरक्षा टीमों की तैयारियों का आकलन करना था।

पंजाब में यह अभ्यास केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार सभी जिलों में किया गया। इसकी शुरुआत दो मिनट तक हाई-लो पिच वाले एयर रेड चेतावनी सायरन से हुई। इसके बाद जिला उपायुक्तों एवं नागरिक सुरक्षा नियंत्रकों की ओर से चिह्नित क्षेत्रों में सांकेतिक ब्लैकआउट किया गया। इन इलाकों के लोगों को गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने के निर्देश दिए गए, जबकि अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं को सामान्य रूप से चालू रखा गया।

अभ्यास के दौरान आग लगने की स्थिति में बचाव, सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन, घायलों को प्राथमिक उपचार और मेडिकल सहायता देने तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। इसके अलावा यातायात और भीड़ नियंत्रण से जुड़े इंतजामों को भी परखा गया। कुछ स्थानों पर पुलिस, होमगार्ड, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।

चंडीगढ़ में प्रशासन ने शहर के 35 चिन्हित स्थानों पर यह अभ्यास किया। शाम 7 बजे दो मिनट तक हाई-लो पिच का सायरन बजाया गया। इसके बाद करीब 20 मिनट तक विभिन्न विभागों ने अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार काम किया। अभ्यास के अंत में दो मिनट तक लगातार हाई-पिच सायरन बजाकर ऑल क्लियर का संकेत दिया गया।

चंडीगढ़ प्रशासन ने लोगों से अपील की थी कि सायरन सुनकर घबराएं नहीं और इसे वास्तविक हवाई हमले की चेतावनी न समझें। लोगों को अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और अभ्यास में सहयोग देने के लिए कहा गया था।

अधिकारियों के अनुसार, इस मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन संचार व्यवस्था, सायरन की कार्यक्षमता, विभागों के बीच तालमेल, राहत टीमों की प्रतिक्रिया और आम लोगों की जागरूकता का परीक्षण किया गया। यह नियमित नागरिक सुरक्षा अभ्यास था, जिसका उद्देश्य किसी वास्तविक आपात स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए तैयारियों को मजबूत करना है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *