पंचकूला(बलविंदर सिंह):पंचकूला में अवैध शराब की बिक्री और दूसरे राज्यों में तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच-1 और क्राइम ब्रांच-3 की टीमों ने गुप्त सूचनाओं के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर चंडीगढ़ व हरियाणा मार्का की अवैध शराब के साथ अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस कार्रवाई के दौरान तस्करी के अलग-अलग तरीके भी सामने आए। कोई आरोपी सुनसान स्थान पर झाड़ियों के पीछे शराब छिपाकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा था तो कोई प्लास्टिक के कट्टे में शराब का स्टॉक रखकर बेचने की फिराक में था। वहीं, कुछ आरोपी टैक्सी की छत पर सूटकेस में अंग्रेजी शराब छिपाकर चंडीगढ़ से देहरादून (उत्तराखंड) सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने पांचों आरोपियों के कब्जे से कुल 112 पव्वे और 204 बोतलें अवैध शराब बरामद की हैं। सभी मामलों में संबंधित पुलिस थानों में हरियाणा संशोधित आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
मामला-1: एचएमटी परिसर के पास झाड़ियों में शराब छिपाकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा आरोपी गिरफ्तार, 48 पव्वे और 12 बोतलें बरामद
एसीपी क्राइम विक्रम नेहरा ने बताया कि 21 नवंबर को क्राइम ब्रांच-3 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि 25 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ पंजाबी निवासी आनंदपुर साहिब, रोपड़, पंजाब, हाल निवासी पिंजौर अवैध रूप से शराब बेचने का काम करता है और आज भी मेन रोड एचएमटी से गांव सूरजपुर जाने वाली सड़क पर परिसर में खाली पार्किंग के पास झाड़ियों में शराब की खेप छिपाकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने इंचार्ज राजेश कुमार की अगुवाई में तुरंत रेडिंग पार्टी तैयार की और बताए गए स्थान पर छापेमारी कर आरोपी को काबू कर लिया। पुलिस टीम द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से दो गत्ते की पेटियां बरामद हुईं, जिनमें 48 पव्वे और 12 बोतलें देशी शराब मिलीं। आरोपी शराब रखने और बेचने के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इस संबंध में पुलिस थाना पिंजौर में आरोपी के खिलाफ हरियाणा संशोधित आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
मामला-2: सेक्टर-5 धरना स्थल के पास प्लास्टिक के कट्टे में शराब रखकर बेच रहा आरोपी काबू, 64 पव्वे बरामद
जानकारी के अनुसार 21 नवंबर को क्राइम ब्रांच-3 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सेक्टर-5 स्थित धरना स्थल के नजदीक प्लास्टिक के कट्टे में अवैध शराब रखकर ग्राहकों को बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर सफेद प्लास्टिक के कट्टे के साथ बैठे संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया। पुलिस टीम ने कट्टे की तलाशी ली तो उसमें से हरियाणा और चंडीगढ़ मार्का की कुल 64 पव्वे अवैध शराब बरामद हुई। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय सचिन निवासी पिंजौर के रूप में हुई है। आरोपी बरामद शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस थाना सेक्टर-5, पंचकूला में आरोपी के खिलाफ हरियाणा संशोधित आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
मामला-3: सेक्टर-5 में शराब की 24 बोतलें बरामद, आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को पुलिस की टीम सेक्टर-5 पंचकूला में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति सेक्टर-5 क्षेत्र में एक क्लब के पीछे पार्किंग के पास बनी झुग्गी में शराब की पेटियां रखकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर झुग्गी में बैठे व्यक्ति को काबू कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान सतपाल सिंह निवासी पिंजौर, जिला पंचकूला के रूप में हुई। झुग्गी की तलाशी लेने पर वहां से शराब की दो पेटियों में कुल 24 बोतलें बरामद हुईं। पुलिस द्वारा आरोपी से शराब रखने के संबंध में वैध लाइसेंस एवं परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सेक्टर-5, पंचकूला में हरियाणा संशोधित आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मामला-4: सूटकेस में छिपाकर चंडीगढ़ से देहरादून ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी, 84 बोतलें बरामद
डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच-1 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि विकास कुमार निवासी जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, अपनी टैक्सी में चंडीगढ़ से अंग्रेजी शराब लोड करके देहरादून (उत्तराखंड) में सप्लाई करता है। सूचना के अनुसार आरोपी शराब की खेप लेकर गांव नाडा के सिलेट रोड से मोरनी टी-प्वाइंट होते हुए पंचकूला-बरवाला मुख्य मार्ग के रास्ते देहरादून जाने वाला था। सूचना के आधार पर इंचार्ज मनोज कुमार की अगुवाई में क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने मोरनी टी-प्वाइंट के पास स्लिप रोड पर नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद वहां सफेद रंग की आर्टिगा कार आती दिखाई दी, जिसे पुलिस टीम ने रुकवाकर चालक से पूछताछ की। चालक की पहचान 35 वर्षीय विकास कुमार निवासी जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने कार की छत पर रखे दो सूटकेसों की तलाशी ली तो उनमें से एक सूटकेस में रखी 7 पेटियों से कुल 84 बोतलें अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। आरोपी शराब रखने एवं परिवहन करने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की। आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
मामला-5: मोगीनंद के पास नाकाबंदी कर देहरादून जा रही गाड़ी से 7 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, आरोपी गिरफ्तार
21 नवंबर को क्राइम ब्रांच-1 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चंडीगढ़ से अंग्रेजी शराब लोड करके अपनी टैक्सी में देहरादून सप्लाई करने जा रहा है। सूचना के मुताबिक आरोपी शराब की खेप लेकर माजरी चौक से बरवाला की ओर जाने वाला था। इस पर इंचार्ज मनोज कुमार की अगुवाई में क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने माजरी चौक से पंचकूला-यमुनानगर मुख्य हाईवे की तरफ बंदर घाटी पार करते हुए गांव मोगीनंद के पास सड़क के कट से थोड़ा पहले नाकाबंदी की। कुछ समय बाद वहां पहुंची एक संदिग्ध गाड़ी को पुलिस टीम ने रुकवाकर चेक किया। गाड़ी चालक की पहचान 52 वर्षीय पीतांबर सिंह निवासी देहरादून, उत्तराखंड के रूप में हुई। पुलिस टीम ने गाड़ी की छत पर रखे सूटकेस की तलाशी ली तो उसमें से अंग्रेजी शराब की 7 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस द्वारा चालक से बरामद शराब के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की सभी सात पेटियों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना चण्डीमन्दिर, पंचकूला में हरियाणा संशोधित आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन का सख्त संदेश: अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और तस्करी केवल आबकारी कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि समाज की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। ऐसे गैरकानूनी कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ पंचकूला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की तस्करी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले किसी भी तरीके या रास्ते को अपराधियों के लिए सुरक्षित नहीं रहने दिया जाएगा। पुलिस की टीमें गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही हैं। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पंचकूला पुलिस की आमजन से अपील
पंचकूला पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचने, उसका भंडारण करने या एक स्थान से दूसरे स्थान पर तस्करी करने में संलिप्त है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस और आमजन के आपसी सहयोग से ही जिले में गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। पंचकूला पुलिस अपराध मुक्त एवं सुरक्षित समाज सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
