चंडीगढ़ (गुरप्रीत सिंह): पंजाब और चंडीगढ़ में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने दोनों क्षेत्रों में 22 नवंबर तक सुबह के समय घने कोहरे की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और अमृतसर में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। इसके कारण सुबह के समय दृश्यता कम रहने की आशंका है।
कोहरे के चलते सड़क मार्गों के अलावा रेल और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है। खासकर सुबह यात्रा करने वाले लोगों को कम विजिबिलिटी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इस बीच, पंजाब और चंडीगढ़ के न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान फरीदकोट में 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, चंडीगढ़ में रात का तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले सप्ताह में चंडीगढ़ में रात के तापमान में धीरे-धीरे और गिरावट हो सकती है। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण रात और सुबह के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा।
अगले सप्ताह किसी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना नहीं है। ऐसे में मौसम शुष्क रहने और बारिश की संभावना कम होने का अनुमान है। 26 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच भी चंडीगढ़ में किसी सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के पहुंचने की उम्मीद नहीं है।
पंजाब में अगले दो दिनों तक उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाली इन हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान पहले ही 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है।
हालांकि, 22 और 23 नवंबर से पूर्वी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट की रफ्तार कुछ कम हो सकती है। फिलहाल पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश के आसार नहीं हैं और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
