चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा ने “एनीमिया मुक्त भारत” कार्यक्रम में देश भर में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह बड़ी उपलब्धि सभी लाभार्थी समूहों में नियमित आईएफए सप्लीमेंटेशन सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के आपसी समन्वय और ठोस प्रयासों का ही परिणाम है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) के स्कोरकार्ड (स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली-HMIS के अनुसार) में हरियाणा ने ‘एनीमिया मुक्त हरियाणा / एनीमिया मुक्त भारत’ कार्यक्रम के तहत आयरन और फोलिक एसिड (IFA) कवरेज में देश भर में पहला स्थान हासिल किया है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा ने 89.2 का एएमबी (AMB) इंडेक्स प्राप्त किया है, जो 66.2 के राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक है, और इस शीर्ष रैंक को हरियाणा ने उत्तराखंड के साथ साझा किया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय एनीमिया मुक्त भारत और पोषण अभियान के तहत नियमित आईएफए सप्लीमेंटेशन, गहन जांच, समय पर उपचार, परामर्श तथा जिला एवं ब्लॉक स्तर पर की गई मजबूत निगरानी के निरंतर प्रयासों को दिया।
नेशनल हेल्थ मिशन हरियाणा के मिशन डायरेक्टर डॉ आर. एस ढिल्लों ने आगे बताया कि हरियाणा राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति करते हुए वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के 78.5 प्रतिशत (तीसरे स्थान) के समग्र आईएफए कवरेज इंडेक्स को सुधारकर दूसरी तिमाही में 89.2 प्रतिशत (पहले स्थान) तक पहुंचा दिया है। इस दौरान सभी श्रेणियों में महत्वपूर्ण सुधार दर्ज किया गया है, जिसमें 6 से 59 महीने के बच्चों का कवरेज 78.0 प्रतिशत से बढ़कर 89.3 प्रतिशत, 5 से 9 वर्ष के बच्चों का कवरेज 77.0 प्रतिशत से बढ़कर 80.5 प्रतिशत, 10 से 19 वर्ष के किशोरों का कवरेज 74.1 प्रतिशत से बढ़कर 95.0 प्रतिशत और स्तनपान कराने वाली माताओं का कवरेज 68.2 प्रतिशत से बढ़कर 86.1 प्रतिशत हो गया है, जबकि गर्भवती महिलाओं का कवरेज 95.0 प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है।
इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के हिस्से के रूप में 17 सितंबर, 2026 को अंबाला से ‘100 दिवसीय एनीमिया न्यूनीकरण अभियान’ की भी शुरुआत की गई थी। स्टेट एनीमिया ट्रैकिंग पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक पूरे प्रदेश में 3.56 लाख से अधिक हीमोग्लोबिन (Hb) टेस्ट किए जा चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि एक स्वस्थ और सशक्त हरियाणा का निर्माण हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एनीमिया मुक्त हरियाणा के लक्ष्य को पूरी तरह साकार करने के लिए यह आवश्यक है कि प्रत्येक नागरिक, विशेषकर महिलाएं, किशोरियां और बच्चे अपने स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक रहें।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे समय-समय पर अपने हीमोग्लोबिन की जांच अवश्य करवाएं, संतुलित व पौष्टिक आहार को अपनी दिनचर्या में शामिल करें तथा सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों का नियमित सेवन कर इस जन-आंदोलन को सफल बनाएं।
