कैथल में ईंटों पर पानी डालते समय करंट लगने से युवक की मौत, जनवरी में होनी थी शादी

हरियाणा के कैथल जिले के सीवन कस्बे में बिजली का करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने निर्माणाधीन मकान में ईंटों पर पानी डाल रहा था। इसी दौरान टुल्लू पंप से जुड़ी पाइप निकल गई। उसे दोबारा जोड़ने की कोशिश करते समय गौरव बिजली के करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गौरव अपने घर के निर्माण कार्य में मदद कर रहा था। ईंटों को तर करने के लिए टुल्लू पंप चलाया गया था। इसी दौरान पंप से जुड़ी पाइप निकल गई। गौरव ने पाइप को दोबारा जोड़ने की कोशिश की, तभी उसे बिजली का तेज झटका लगा। उस समय उसके पैर नंगे थे, जिससे करंट का असर और गंभीर हो गया। वह पंप के पास ही गिर पड़ा और उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया।

घटना के बाद परिजन उसे तुरंत कैथल के जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर सीवन थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

परिवार के अनुसार, गौरव हाफेड शुगर मिल में नेटवर्किंग सुपरवाइजर के पद पर काम करता था। वह सप्ताहांत पर घर आया हुआ था। परिवार में उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं और जनवरी में उसका विवाह होना तय था। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

गौरव तीन बहनों का इकलौता भाई और माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ ही समय बाद शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद पूरे सीवन क्षे

त्र में शोक की लहर है।

सीवन थाना प्रभारी मुकेश रानी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *