चंडीगढ़ में विशेष मतदाता पंजीकरण शिविरों का अंतिम दिन 11 अक्टूबर

चंडीगढ़(नवल किशोर):केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में 7 से 11 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित किए जा रहे विशेष मतदाता पंजीकरण शिविरों के पहले चार दिनों में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म 6 के लगभग 3,100 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

11 अक्टूबर विशेष शिविरों का अंतिम दिन होगा। पात्र नागरिकों, विशेष रूप से पंजीकरण से छूट गए नागरिकों, युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वालों से आग्रह किया गया है कि वे सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता पंजीकरण के लिए आवेदन करें और अन्य निर्वाचन सेवाओं का लाभ उठाएं।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पूरी होने के बाद 01-चंडीगढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची-2026 का प्रकाशन 22 सितंबर, 2026 को किया गया था।

जारी मतदाता नामांकन अभियान के तहत बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और दोहरे पंजीकरण वाले (एएसडीडी) मतदाताओं की सूचियां सार्वजनिक सत्यापन के लिए प्रदर्शित कर रहे हैं। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे इन सूचियों की जांच करें और किसी भी त्रुटि की जानकारी संबंधित बीएलओ को दें।

मतदाता नामांकन एक निरंतर प्रक्रिया है। कोई भी पात्र नागरिक, जिसका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, विशेष शिविर समाप्त होने के बाद भी फॉर्म 6 जमा करके नामांकन के लिए आवेदन कर सकता है।

सहायता के लिए नागरिक अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं या मतदाता संबंधी जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल कर सकते हैं।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *