लुधियाना में लॉटरी अड्डे पर MLA छीना की रेड, पुलिस ने कारिंदे को किया गिरफ्तार

लुधियाना साउथ विधानसभा इलाके के कंगनवाल में आज अवैध लॉटरी और सट्टेबाजी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विधायक (MLA) राजिंदर पाल कौर छीना ने अचानक रेड की। मौके पर तुरंत पुलिस को बुलाकर लॉटरी चलाने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार करवाया गया है।

जानकारी देते हुए विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यहां अवैध लॉटरी चल रही है। लोगों का कहना था कि इस दुकान पर शाम होते ही भारी भीड़ इकट्ठा हो जाती है।

उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा यहां आने वाले ज्यादातर लोग गरीब मजदूर हैं। इनकी दिन भर की मेहनत की कमाई को लॉटरी के नाम पर लूटा जा रहा था। ऐसे बुरे और शातिर लोग सारा दिन यहां बैठकर गरीबों को ठग रहे हैं।

एक साल पहले भी करवाई थी दुकान बंद

रेड के दौरान विधायक ने बताया कि इस दुकान को एक साल पहले भी बंद करवाया गया था। पिछली बार की सख्ती के बावजूद इन लोगों ने बिना किसी डर के दोबारा अपना धंधा शुरू कर दिया था। दुकान के बाहर लगे बोर्ड की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने बताया कि लोगों को धोखा देने के लिए बाहर नॉर्मल बोर्ड लगाया गया था जबकि अंदर पर्दा लगाकर अवैध लॉटरी का काला धंधा चलाया जा रहा था।

जानकारी देतीं विधायक राजिंदर पाल कौर छीना।

जानकारी देतीं विधायक राजिंदर पाल कौर छीना।

दुकान मालिक पर भी हो सख्त कार्रवाई

विधायक छीना ने बताया कि जैसे ही टीम दुकान के अंदर पहुंची, वहां मौजूद एक कारिंदा पकड़ा गया। तुरंत कंगनवाल की पुलिस चौकी इंचार्ज को मौके पर बुलाया गया और उसको पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन को सख्त हिदायत दी है कि सिर्फ लॉटरी चलाने वाले पर ही नहीं बल्कि उस प्रॉपर्टी के मालिक पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए जिसने अपनी जगह इस गैर-कानूनी काम के लिए दी है।

दूसरे लॉटरी वालों को खुली चेतावनी

अपने इलाके में ऐसी लूट को रोकने का संकल्प लेते हुए, विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने बाकी अवैध लॉटरी चलाने वालों को भी खुली चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आगे से गरीबों के साथ ऐसी लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो लोग अभी भी ऐसी लॉटरी चला रहे हैं, वो खुद अपनी दुकानें बंद कर दें, वरना हर एक दुकान वाले का यही हश्र होगा।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *