लुधियाना में आज सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर एक बार फिर निशाना साधा। बिट्टू ने चन्नी की ओर से उनकी पढ़ाई को लेकर की गई टिप्पणी के जवाब में निजी आरोपों और ‘मीटू’ विवाद का जिक्र किया। बिट्टू ने कहा कि राजनीतिक नेताओं के बीच एक-दूसरे से सवाल-जवाब होते रहते हैं। उन्होंने कहा कि चन्नी उनकी पढ़ाई की बात करते हैं, लेकिन उन्हें अपनी पढ़ाई के बारे में भी बताना चाहिए।
‘जो पढ़ाई चन्नी ने की, वो हमने कभी नहीं की’
बिट्टू ने कहा, “चन्नी ने कॉलेजों में जाकर जो Meetoo की पढ़ाई की है, वो पढ़ाई हमने कभी नहीं की। चन्नी मुख्यमंत्री होकर भी IAS अफसर नहीं छोड़ पाए। उन्हें अपनी पढ़ाई की लाज रखनी चाहिए थी।” उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने स्कूल-कॉलेज में ऐसी ‘अंगुली वाली पढ़ाई’ नहीं की। बिट्टू ने दावा किया कि अगर चन्नी कहें तो वह उन्हें संबंधित वीडियो भी भेज सकते हैं।

2 साल पहले भी बिट्टू ने चन्नी के खिलाफ Meetoo का मामला उठाया था।
‘चन्नी की अंगुली जैसे चलती है, मेरी नहीं चल सकती’
बिट्टू ने तंज कसते हुए कहा, “जैसे चन्नी की अंगुली चलती है, मेरी तो वैसे चल ही नहीं सकती।” उन्होंने चन्नी के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि कभी वह बकरी का दूध निकालने और कभी मंजे बनाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसी पढ़ाई नहीं की।
‘करोड़ों की जायदादें बनाई’
बिट्टू ने चन्नी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने लोगों के साथ धोखाधड़ी करके करोड़ों की जायदादें बनाई हैं। बिट्टू ने कहा कि वह ऐसी पढ़ाई नहीं कर सकते।
