जनता दरबार में पहुंची शिकायतों पर कार्रवाई नहीं करने के मामले में अंबाला पुलिस के दो ASI को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने 21 सितंबर 2026 को दोनों के निलंबन के आदेश जारी किए हैं। निलंबित पुलिसकर्मियों में ASI गुरदेव सिंह और ASI सुखविंदर सिंह शामिल हैं। दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइंस अंबाला भेजा गया है।
दरअसल, 18 सितंबर को अंबाला में मंत्री अनिल विज की जनसुनवाई के दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर दो शिकायतें सामने आईं थी। दोनों मामलों में चोरी जैसे अपराधों की सूचना के बावजूद FIR दर्ज नहीं करने और समय पर कार्रवाई न करने के आरोप लगे थे।
चोरी की शिकायतों पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप
पहले मामले में पुलिस पोस्ट हाउसिंग बोर्ड के इंचार्ज ASI गुरदेव सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आदेश के मुताबिक, शिकायतकर्ता पंडित अजय कुमार ने जनता दरबार में शिकायत दी थी कि उनके कमरे का ताला तोड़कर आभूषण चोरी किए गए। शिकायत में पंकज शर्मा पर ताला तोड़ने का आरोप लगाया गया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने पुलिस पोस्ट हाउसिंग बोर्ड में मामले की शिकायत दी, लेकिन उचित कार्रवाई नहीं हुई।
आदेश में कहा गया है कि अपराध की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस की ओर से मामले को गंभीरता और तत्परता से नहीं लिया गया तथा FIR दर्ज करने संबंधी उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

जनसुनवाई के दौरान मंत्री अनिल विज ASI को सस्पेंड करने के आदेश देते हुए। (फाइल)
4 बार आवेदन देने के बावजूद नहीं हुआ केस दर्ज
दूसरे मामले में पुलिस पोस्ट तोपखाना के इंचार्ज ASI सुखविंदर सिंह को निलंबित किया गया है। आदेश के अनुसार शिकायतकर्ता नरेश कुमार ने जनता दरबार में शिकायत दी कि 9 सितंबर 2026 को उनके घर की अलमारी से 20 तोला सोना और नकदी चोरी हो गई।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसने पुलिस पोस्ट पर चार बार आवेदन दिया, लेकिन केस दर्ज नहीं किया गया।
SP के आदेश में कहा गया है कि अपराध की सूचना मिलने के बाद भी FIR दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई। इसे ड्यूटी में लापरवाही, अनुशासनहीनता और गैर-जिम्मेदारी मानते हुए ASI सुखविंदर सिंह को निलंबित किया गया।

अंबाला में जनसुनवाई के दौरान मंत्री विज से शिकायत करते नरेश कुमार। (फाइल)
निलंबन अवधि में मिलेगा सब्सिस्टेंस अलाउंस
दोनों आदेशों में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान पुलिसकर्मियों को नियमों के अनुसार सब्सिस्टेंस अलाउंस दिया जाएगा। दोनों को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइंस अंबाला भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
