अमृतसर में स्कूटी की टक्कर से घायल ASI की मौत, 12 दिन वेंटिलेटर पर रहे

अमृतसर में स्कूटी की टक्कर से घायल हुए पंजाब पुलिस के ASI पवन कुमार शर्मा की मौत हो गई। पिछले 12 दिनों से उनका इलाज चल रहा था। उनके सिर पर गंभीर चोट लगी थी और वह बोलने की स्थिति में नहीं थे। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। PRO राजीव शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उनका शनिवार को सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पवन कुमार शर्मा अमृतसर के रहने वाले थे। वह लॉरेंस रोड पर ट्रैफिक पुलिस में तैनात थे। पुलिस ने बताया कि 30 अगस्त की दोपहर करीब 1:45 बजे वह सेलिब्रेशन रोड के पास अन्य पुलिसकर्मियों के साथ ड्यूटी पर थे। इसी दौरान उन्होंने तेज रफ्तार से आ रही एक स्कूटी को हाथ के इशारे से रोकने की कोशिश की।

स्कूटी सवार नहीं रुका तो ASI पवन कुमार सड़क के बीच तक पहुंच गए। तभी पीछे से दूसरी स्कूटी पर दो युवक आए। वे अचानक सामने आए ASI को देख नहीं पाए और स्कूटी ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों स्कूटी सवार युवक भी सड़क पर गिर गए। ASI गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े रहे।

ASI पवन कुमार शर्मा। फाइल फोटो

ASI पवन कुमार शर्मा। फाइल फोटो

CCTV में क्या दिख रहा…

  • स्कूटी को रोकने के लिए बीच रोड पर पहुंचे: इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। करीब 3 मिनट की वीडियो में दिख रहा है कि ASI पवन कुमार शर्मा 2 अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद थे। अचानक उन्होंने एक स्कूटी को रुकने का हाथ से इशारा किया। इशारा करते हुए वह सड़क के बीच में पहुंचे।
  • स्कूटी ने टक्कर मारी: वह स्कूटी के बिल्कुल पास तक पहुंच जाते हैं, लेकिन स्कूटी सवार बिना रुके निकल जाता है। इसी दौरान पीछे से दूसरी स्कूटी पर सवार 2 युवक आ रहे थे। वे अचानक बीच रोड पर ASI को देख संभल नहीं पाए और ASI से टकरा गए। इससे स्कूटी सवार और ASI दोनों सड़क पर गिर पड़े।
  • स्कूटी सवार युवक खुद उठे: टक्कर होने के बाद ASI सड़क पर पड़े रह गए। उनकी मदद के लिए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी दौड़े। टक्कर लगकर स्कूटी सवार युवक भी गिर पड़े, लेकिन उनकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंचता दिखा। वे थोड़ी देर में खुद ही सड़क से उठे। इसके बाद खुद ही उन्होंने अपनी स्कूटी उठाई।
  • ASI को स्ट्रेचर मंगवाकर अस्पताल भेजा: इसी दौरान पुलिसकर्मी मौके पर ही स्ट्रेचर मंगाते हैं और ASI को उसी पर लेटाकर अस्पताल भेजते हैं। वहीं, स्कूटी सवार दोनों युवक खुद स्कूटी स्टार्ट कर वहां से निकलते दिखते हैं। करीब 3 मिनट में ही सारा मामला निपट गया, इसलिए रोड पर जाम की स्थिति नहीं बनी।

पुलिस ने कहा था-आरोपियों को ट्रेस कर रहे

थाना सिविल लाइन के SHO मोहित कुमार ने हादसे के बाद बताया था कि पुलिस आरोपी स्कूटी सवारों को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। शुरुआती सूचना में पुलिस को ASI के कार से टकराने की जानकारी मिली थी, लेकिन जांच के दौरान सामने आया कि हादसा एक्टिवा से हुआ था।

By Gurpreet Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *