ऑपरेशन में लापरवाही की शिकायत पर जांच के लिए बोर्ड गठित करने के निर्देश

चंडीगढ़(बलविंदर सिंह): हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में कैथल में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में कुल 13 शिकायतों की सुनवाई की गई, जिनमें से 9 शिकायतों का निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मंत्री ने एक महिला के ऑपरेशन में लापरवाही की शिकायत पर जांच के लिए चिकित्सकों का बोर्ड गठित करने तथा निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए। वहीं एक बिजली चोरी का फर्जी केस बनाने के मामले में कमेटी गठित कर जांच के आदेश दिए।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर और निर्धारित समय सीमा में किया जाए। आमजन की शिकायतों का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी शिकायत को अधिक समय तक लंबित न रखे।

बैठक में पुरानी शिकायतों की भी समीक्षा की गई। गांव मूंदड़ी में जानलेवा हमले के मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी तथा विदेश में रह रहे एक आरोपी के खिलाफ एलओसी जारी होने की जानकारी पर मंत्री ने पुलिस को गहन जांच के निर्देश दिए। गांव पाई निवासी कर्मबीर को तीन माह की बकाया मजदूरी के 82 हजार रुपये दिलवाकर शिकायत का निपटारा किया गया।

कृषि मंत्री ने कैथल के सेक्टर-19 में ग्रीन बेल्ट व पार्क क्षेत्र की सफाई और जलभराव की शिकायत की विस्तृत सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, एक अन्य मामले में आर्थिक तंगी के कारण छात्रा को परीक्षा से रोकने और एसएलसी न देने का मामला सामने आया जिस पर मंत्री के आदेशानुसार तथा शिक्षा विभाग के नियमानुसार स्कूल द्वारा बच्चे को अगली कक्षा में दाखिला दिलवाया गया।

नई शिकायतों में बिजली चोरी का फर्जी केस बनाने के आरोप पर कृषि मंत्री ने जांच समिति गठित कर रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं नहरी खाल पर अवरोध हटाकर पानी की सुचारू व्यवस्था करने संबंधी शिकायत पर मंत्री ने सिंचाई विभाग को धान की कटाई के बाद निशानदेही करवाकर खाल को सुचारू रूप से चालू करवाने के निर्देश दिए। एक अन्य मामले में पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए गए नाले की निकासी बंद होने से बरसाती पानी घर में घुसने की शिकायत पर मंत्री ने संबंधित विभाग को नाले का लेवल जल्द ठीक करवाने के निर्देश दिए।

कंसल अस्पताल में महिला मरीज के ऑपरेशन से जुड़े गंभीर आरोपों की जांच के लिए मंत्री ने नेगलिजेंस बोर्ड गठित करने के निर्देश दिए और शिकायत को अगली बैठक के लिए लंबित रखा। इसके अलावा स्टेट गोल्ड मेडलिस्ट हैंडबॉल खिलाड़ी की ग्रेडेशन सर्टिफिकेट संबंधी समस्या का एक सप्ताह में समाधान करने, हैप्पी कार्ड के लिए पोर्टल खुलने पर आवेदन करवाने तथा हरियाणा परिवार सुरक्षा योजना की सहायता राशि खाते में स्थानांतरित करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

By Balwinder Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *