भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज (20 जून) से 3 दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं। पहले दिन उन्होंने केसरी पगड़ी बांधकर गोल्डन टेंपल में माथा टेका। उन्होंने यहां जूठे बर्तन धोकर सेवा भी की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। यही कामना है कि विकास की किरणें पंजाब के हर घर, हर मोहल्ले और हर व्यक्ति तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब में अरदास करने के बाद उन्हें नई ऊर्जा मिली है और वह पंजाब के विकास और प्रगति की कामना करते हैं।
उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुग भी थे। इसके बाद उन्होंने श्री दुर्ग्याणा मंदिर में भी माथा टेका। यहां श्री दुर्गियाणा मंदिर समिति ने नितिन नबीन को सम्मानित किया। नितिन नबीन ने जलियांवाला बाग में पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। अब वह श्री राम तीर्थ मंदिर पहुंचे हैं।
नितिन नबीन दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे। जहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। अमृतसर के बाद नितिन नबीन जालंधर व लुधियाना जाएंगे। लुधियाना में नितिन नबीन जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात कर उनका फीडबैक लेंगे। इसके बाद आगामी चुनावों को लेकर माइक्रो प्लानिंग पर चर्चा करेंगे।

गोल्डन टेंपल पहुंचे नितिन नबीन बर्तन धोकर सेवा करते हुए।

गोल्डन टेंपल पहुंचते ही भाजपा अध्यक्ष ने सबसे पहले केसरी पगड़ी बंधवाई।

दोपहर 3.30 बजे BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल पहुंचे।

आज दोपहर में ही भाजपा अध्यक्ष अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे थे। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
पंजाब में भाजपा की जमीनी हकीकत का आकलन होगा
भाजपा नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा पंजाब भाजपा के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा। नितिन नबीन पंजाब के तीनों क्षेत्रों माझा, दोआबा और मालवा में कार्यकर्ताओं व नेताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति और भाजपा की जमीनी हकीकत का आकलन करेंगे।

पंजाब दौरे से पहले नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुग के साथ औपचारिक बैठक की।
नितिन नबीन के दौरे के सियासी मायने सिलसिलेवार जानिए…
- चुनावी शंखनाद और आक्रामक शुरुआत :पॉलिटिकल एक्सपर्ट प्रमोद बातिश का कहना है कि भाजपा इस बार चुनाव को फ्रंटफुट पर रहकर लड़ने की योजना बना चुकी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उन सभी राज्यों का दौरा कर रहे हैं जहां पर अगले साल चुनाव होने हैं, ताकि वर्कर्स का मनोबल बढ़ाया जा सके। पंजाब दौरा भी उसी रणनीति का हिस्सा है।
- गठबंधन की अटकलों पर पूर्ण विराम: पॉलिटिकल एक्सपर्ट का कहना है कि नितिन नबीन का यह दौरा शिरोमणि अकाली दल के साथ दोबारा किसी भी तरह के समझौते की अफवाहों पर पूरी तरह विराम लगा देगा। कार्यकर्ताओं को साफ संदेश दिया जाएगा कि भाजपा अब पंजाब में ‘जूनियर पार्टनर’ नहीं बल्कि ‘लीड रोल’ में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। केंद्रीय गृहमंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहले ही अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं।
- वोट बैंक का नया त्रिकोणीय समीकरण: माझा के पंथक क्षेत्र, दोआबा के दलित बेल्ट और मालवा के औद्योगिक हब को एक साथ कवर करके भाजपा जट-सिख, हिंदू और दलित मतदाताओं का एक नया समीकरण तैयार करने में जुटी है, जिससे कांग्रेस और ‘आप’ के पारंपरिक वोट बैंक में सेंधमारी की जाएगी।
- जमीनी हकीकत और कमियों की पहचान: नितिन नबीन पंजाब में उन सभी नेताओं से मिलेंगे, जिन्होंने पिछला विधानसभा व लोकसभा चुनाव लड़ा। पिछले चुनाव जीतने और हारने वाले सभी नेताओं से आमने-सामने मिलकर नितिन नबीन हार के कारणों की बारीकी से समीक्षा करेंगे। इससे पार्टी को अपनी कमजोर कड़ियों को समय रहते दुरुस्त करने का मौका मिलेगा। इसके अलावा वो भाजपा की कोर कमेटी, कार्यकारिणी व अन्य सीनियर नेताओं से भी मिलेंगे।
- युवाओं के जरिए नैरेटिव सेट करना: लुधियाना में ‘यूथ कॉन्क्लेव’ के जरिए युवाओं का जोश परखना व उनसे सीधे संवाद करना यह दर्शाता है कि भाजपा राज्य के सबसे बड़े डिजिटल और युवा वोट बैंक को साधकर विपक्षी दलों के सोशल मीडिया तंत्र को ध्वस्त करना चाहती है।
