वृंदावन (गुरप्रीत सिंह) : वृंदावन स्थित श्री हित राधा केली कुंज आश्रम की ओर से पूज्य संत श्री प्रेमानंद महाराज जी के स्वास्थ्य और दैनिक दिनचर्या को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों का स्पष्ट रूप से खंडन किया गया है। आश्रम ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि महाराज जी पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं और उनकी सेहत को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है।
आश्रम के अनुसार, महाराज जी इस समय यमुना किनारे अपने एकांतवास में आध्यात्मिक साधना और नियमित दिनचर्या का पालन कर रहे हैं। उनकी दिनचर्या को पूरी तरह निजी और एकांत रखा गया है, जिसमें किसी भी प्रकार की सार्वजनिक गतिविधियों को सीमित कर दिया गया है।
बयान में यह भी स्पष्ट किया गया है कि महाराज जी के दर्शन, एकान्तिक वार्ता तथा व्यक्तिगत मुलाकातें फिलहाल पूर्ण रूप से बंद हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि प्रातःकालीन पदयात्रा दर्शन भी अनिश्चित हैं और यह पूरी तरह महाराज जी की इच्छा एवं उनकी दिनचर्या पर निर्भर करता है। आश्रम ने भक्तों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। ऐसी अफवाहें भक्तों में अनावश्यक भ्रम उत्पन्न करती हैं और आध्यात्मिक वातावरण को प्रभावित करती हैं।
आधिकारिक बयान में यह भी बताया गया है कि महाराज जी की दीक्षा प्रक्रिया पूर्ववत जारी है, लेकिन सार्वजनिक दर्शन और वार्तालाप को अस्थायी रूप से सीमित किया गया है ताकि उनकी साधना और एकांत जीवन में किसी प्रकार का व्यवधान न आए।
अंत में आश्रम ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें और भक्ति मार्ग में स्थिर रहें। महाराज जी के स्वास्थ्य को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता का कोई आधार नहीं है।
