गुवाहाटी/चंडीगढ़(गुरप्रीत सिंह): पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज गुवाहाटी में आयोजित भव्य समारोह में श्री हिमंत बिस्वा सरमा के असम के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान श्री कटारिया ने श्री हिमंत बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री सरमा के नेतृत्व में असम विकास, सुशासन, सांस्कृतिक समृद्धि और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
यह उल्लेखनीय है कि श्री गुलाब चंद कटारिया पूर्व में असम के राज्यपाल के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री श्री हिमंत बिस्वा सरमा के पिछले कार्यकाल के दौरान एक वर्ष से अधिक समय तक राज्यपाल पद की जिम्मेदारी निभाई थी। अपने कार्यकाल के दौरान दोनों के बीच प्रशासनिक समन्वय एवं विकासोन्मुख दृष्टिकोण को व्यापक सराहना मिली थी।
शपथ ग्रहण समारोह में पूर्वोत्तर राज्यों की सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक विरासत की भी विशेष झलक देखने को मिली। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
श्री कटारिया ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत देश की एकता, सांस्कृतिक समृद्धि और विकास यात्रा का महत्वपूर्ण केंद्र है तथा असम ने पिछले वर्षों में बुनियादी ढांचे, निवेश, पर्यटन और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के संकल्प को और गति प्रदान करेगी।
