एडमंटन: कनाडा के एडमंटन में पंजाबी लड़की जैजमिन की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद एडमंटन पुलिस सर्विस की होमिसाइड सेक्शन ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 6:50 बजे 139 एवेन्यू और 32 स्ट्रीट के पास गोलीबारी की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को किशोरी गंभीर रूप से घायल हालत में मिली। मेडिकल मदद के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने अभी तक मृतका का नाम आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक नहीं किया है। हालांकि, परिवार और उसके कजिन्स ने उसकी पहचान जैजमिन के रूप में की है। परिवार के मुताबिक, जैजमिन हंसमुख और सपने देखने वाली लड़की थी। उसकी मां और दो छोटे भाई-बहनों की मदद के लिए परिवार ने ऑनलाइन फंडरेजर भी शुरू किया है।
फिलहाल पुलिस ने किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी या हमले के मकसद की जानकारी नहीं दी है। मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
